LPU हिंसा के बाद 10 दिनों के लिए क्लासेस सस्पेंड, दहशत के बीच घर लौटने लगे छात्र

LPU Violence: पंजाब की मशहूर लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (LPU) में सोशल मीडिया पर फैली अफवाहों के बाद भड़का गुस्सा अब भारी तोड़-फोड़ और हिंसा में बदल गया है। कैंपस में फैले तनाव और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यूनिवर्सिटी प्रशासन ने 28 सितंबर 2026 से अगले 10 दिनों के लिए रेगुलर क्लासेस सस्पेंड कर दी हैं।

इसके साथ ही प्रस्तावित मिड-टर्म परीक्षाओं को भी अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दिया गया है। कैंपस में जारी तनावपूर्ण माहौल के बीच छात्र अपने-अपने घरों के लिए रवाना होने लगे हैं।

हॉस्टलों में डर का माहौल

यूनिवर्सिटी कैंपस में हुई तोड़-फोड़, आगजनी और पुलिस-प्रदर्शनकारियों के बीच हुई झड़पों के बाद हॉस्टलों में रह रहे छात्रों में भारी डर देखा जा रहा है। छात्राओं का कहना है कि रात में हुई हिंसा के वक्त कैंपस का माहौल बेहद डरावना था। कई छात्राओं ने अपने परिजनों को फोन कर घटना की जानकारी दी और सुरक्षा की गुहार लगाई।

प्रशासन द्वारा 10 दिन की छुट्टी की घोषणा होते ही बस स्टैंड्स और रेलवे स्टेशनों पर छात्रों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी।

भारी पुलिस बल तैनात

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पंजाब पुलिस ने कैंपस और आसपास के इलाकों में 2,000 से अधिक जवानों की तैनाती की है।

  • एडीजीपी और एसएसपी स्तर के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।

  • पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने DGP को मौके का मुआयना करने और उपद्रव फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।

  • अफवाहों के प्रसार को रोकने के लिए कैंपस के आसपास मोबाइल इंटरनेट सेवाओं को अस्थाई रूप से बंद कर दिया गया है।

यूनिवर्सिटी और पुलिस की अपील

LPU रजिस्ट्रार और स्थानीय पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सोशल मीडिया पर शेयर की जा रही खबरें अफवाहों पर आधारित हैं। पुलिस का कहना है कि हॉस्टलों में सभी छात्र सुरक्षित हैं। यूनिवर्सिटी ने छात्रों से अपील की है कि वे किसी भी बहकावे में न आएं और शांति बनाए रखें।

छात्रों का कहना है कि कथित यौन उत्पीड़न के दावे को लेकर भी कैंपस में असमंजस बना हुआ है। उनके मुताबिक, यूनिवर्सिटी प्रशासन इसे अफवाह बता रहा है, जबकि प्रदर्शन कर रहे कुछ छात्र आरोपों की जांच और स्थिति स्पष्ट करने की मांग कर रहे हैं। छात्रों ने कहा कि फिलहाल उनकी सबसे बड़ी प्राथमिकता सुरक्षा है और रविवार रात की घटनाओं के बाद पढ़ाई सामान्य होने में कुछ समय लग सकता है।

Back to top button