
Lucknow News: गोमती नगर में कार के बोनट पर घसीटी गई युवती, हैरान कर देगी वजह
Lucknow News: यूपी की राजधानी लखनऊ के पॉश इलाके गोमती नगर से एक खौफनाक मामला सामने आया है। यहां जनेश्वर मिश्र पार्क के पास एक तेज रफ्तार कार चालक ने विवाद के बाद युवती को अपनी गाड़ी के बोनट पर काफी दूर तक घसीटा।
इस खौफनाक वारदात के दौरान युवती बोनट पर लटकी रही और खुद को बचाने की गुहार लगाती रही, लेकिन चालक ने कार नहीं रोकी। घटना के बाद आरोपी चालक मौके से फरार हो गया, जिसके बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
कार में दूसरी युवती के होने पर विवाद
जानकारी के अनुसार, मामला आपसी विवाद और लव ट्रायंगल से जुड़ा हुआ बताया जा रहा है। पीड़ित युवती का अपने बॉयफ्रेंड के साथ किसी बात को लेकर विवाद चल रहा था। जनेश्वर मिश्र पार्क के पास जब युवती ने अपने बॉयफ्रेंड की कार को देखा, तो उसमें एक दूसरी लड़की भी बैठी हुई थी।
अपनी प्रेमिका को कार के सामने आता देख युवक ने गाड़ी रोकने के बजाय भागने की कोशिश की। जब युवती ने हिम्मत दिखाते हुए गाड़ी को रोकने के लिए सामने से बोनट पकड़ लिया, तो आरोपी ने गाड़ी रोकने के बजाय रफ्तार बढ़ा दी और उसे घसीटते हुए काफी दूर तक ले गया।
कुछ दूरी पर जाकर जब गाड़ी धीमी हुई, तब युवती बोनट से नीचे गिरी, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी युवक अपनी कार के साथ मौके से रफूचक्कर होने में कामयाब रहा।
ये भी पढ़े-लखनऊ में RSS-BJP की समन्वय बैठक शुरू, यूपी चुनाव की तैयारियों पर मंथन
CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
स्थानीय लोगों की मदद से घायल युवती को तुरंत इलाज के लिए पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस जनेश्वर मिश्र पार्क और आसपास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि गाड़ी के नंबर और आरोपी की पहचान की जा सके।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पीड़िता के बयान और तहरीर के आधार पर सुसंगत धाराओं में केस दर्ज किया जा रहा है और आरोपी को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
ये भी पढ़े-पंचायत सहायकों को अब मिलेगा नौ हजार मानदेय :ओम प्रकाश





