Lucknow News: बर्थडे पार्टी बुकिंग के बहाने बुलाया, फोटोग्राफर से लाखों के कैमरे और लेंस लूटे

Lucknow Crime News: लखनऊ के इटौंजा में नीलांश वाटर पार्क के पास बदमाशों ने बंदूक की नोंक पर एक फोटोग्राफर से 6 कीमती कैमरे, 7 लेंस और मोबाइल लूट लिया।

Lucknow Crime News: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ से अपराध का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहाँ इटौंजा इलाके में बदमाशों ने बेहद शातिर तरीके से एक फोटोग्राफर को अपना शिकार बनाया। बदमाशों ने पहले फोटोग्राफर को बर्थडे पार्टी की बुकिंग देने के बहाने फोन करके बुलाया और फिर बीच रास्ते में असलहे (हथियार) के बल पर उससे लाखों रुपये के कीमती कैमरे, लेंस और अन्य उपकरण लूटकर फरार हो गए।

पुलिस ने पीड़ित फोटोग्राफर की तहरीर पर चार अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और उनकी तलाश में जुट गई है।

नीलांश वाटर पार्क के पास दिया वारदात को अंजाम

जानकारी के मुताबिक, माल के रानीखेड़ा निवासी अशोक यादव पेशेवर फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी का काम करते हैं। सोमवार को उनके पास एक अनजान नंबर से फोन आया था। फोन करने वाले व्यक्ति ने खुद को ग्राहक बताते हुए कहा कि उसे एक बर्थडे पार्टी के लिए फोटोग्राफर की बुकिंग करनी है। बातचीत के बाद उसने अशोक यादव को डील पक्की करने के लिए इटौंजा स्थित नीलांश वाटर पार्क (Nilansh Water Park) के पास मिलने के लिए बुलाया।

अशोक यादव सोमवार रात को अपनी कार से बताए गए स्थान पर पहुंचे। जैसे ही वह वाटर पार्क के पास पहुंचे, दो बाइकों पर सवार चार नकाबपोश बदमाशों ने उनकी कार को जबरन रोक लिया।

हथियार दिखाकर दी जान से मारने की धमकी

फोटोग्राफर अशोक यादव ने पुलिस को बताया कि कार रुकते ही बदमाशों ने उन पर असलहा तान दिया। जब उन्होंने शोर मचाने की कोशिश की, तो बदमाशों ने उन्हें जान से मारने की सीधी धमकी दी। इसके बाद बदमाशों ने कार की पिछली सीट पर रखा हुआ उनका बड़ा बैग निकाल लिया और मौके से तेजी से फरार हो गए।

ये भी पढ़े- शिक्षा के साथ सेहत भी, पोषण योजना पर योगी सरकार का जोर

बैग में था लाखों का माल

पीड़ित के अनुसार, लूटे गए बैग में उनका सबसे कीमती सामान था, जिसकी कीमत लाखों में आंकी जा रही है। 6 आधुनिक कैमरे, 7 महंगे और कीमती लेंस, 2 गिम्बल (Gimbals – वीडियो स्टेबलाइजर) और 1 मोबाइल फोन थे।

बदमाशों के भागने के तुरंत बाद अशोक ने हिम्मत दिखाई और पुलिस कंट्रोल रूम (112) को घटना की सूचना दी। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू की।

ये भी पढ़े- कट्टा-बम से ब्रह्मोस तक’, CM Yogi ने बताया बदलते उत्तर प्रदेश की तस्वीर…

पुलिस की 3 टीमें कर रही हैं छापेमारी

इस पूरे मामले पर इंस्पेक्टर इटौंजा ने बताया कि पीड़ित की शिकायत के आधार पर चार अज्ञात बदमाशों के खिलाफ लूट की सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।

पुलिस ने घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी (CCTV) फुटेज को खंगालना शुरू कर दिया है। साथ ही, जिस मोबाइल नंबर से फोटोग्राफर को फोन करके बुलाया गया था, उसे सर्विलांस पर लगा दिया गया है। पुलिस का दावा है कि बदमाशों को चिह्नित कर लिया गया है और उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की 3 टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। आरोपियों को जल्द ही सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।

ये भी पढ़े- सूर्या चौहान हत्याकांड: असद के एनकाउंटर से बुलडोजर नोटिस तक, खोड़ा में पसरा सन्नाटा

Back to top button