
Lucknow News: मुहर्रम के जुलूस में मकान का छज्जा गिरा; 2 बच्चों की मौत, 10 घायल
Lucknow News: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के इटौंजा में मुहर्रम के जुलूस के दौरान एक मकान की बालकनी गिर गई। इस हादसे में शरबत बांट रहे दो बच्चों की मौत हो गई, जबकि 10 लोग घायल हैं।
Lucknow News: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के इटौंजा इलाके से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। यहाँ शुक्रवार को मुहर्रम के जुलूस के दौरान एक मकान की बालकनी अचानक भरभराकर गिर गई। इस दर्दनाक हादसे में दो नाबालिग लड़कों की मौत हो गई, जबकि लगभग 10 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम ने मौके पर पहुंचकर राहत कार्य शुरू किया।
शरबत बांटने के दौरान हुआ हादसा
यह घटना इटौंजा थाना क्षेत्र के महोना इलाके की है। पुलिस के मुताबिक, मुहर्रम के मौके पर इलाके से जुलूस निकाला जा रहा था। इसी दौरान एक मकान की बालकनी पर खड़े होकर कुछ बच्चे और लोग नीचे से गुजर रहे लोगों को खाना और शरबत बांट रहे थे।
तभी अचानक वजन बढ़ने के कारण बालकनी का एक बड़ा हिस्सा टूटकर नीचे खड़े लोगों पर गिर गया। बालकनी गिरते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई। नीचे खड़े कई लोग मलबे में दब गए।
ये भी पढ़े-‘या हुसैन’ की सदाओं के बीच लखनऊ में निकलेगा विशाल ताजिया जुलूस, प्रशासन अलर्ट
हादसे में अली और अरमान की मौत
डीसीपी नॉर्थ गोपाल कृष्ण चौधरी ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि इस हादसे में 12 वर्षीय अली और 14 वर्षीय अरमान की मौत हो गई है। दोनों बच्चे बालकनी पर खड़े होकर लोगों को शरबत दे रहे थे।
स्थानीय पार्षद अशफाक के अनुसार, नीचे खड़े कुछ लोगों ने खाना लेने के लिए बालकनी का सहारा लिया और उसे पकड़कर खींचने लगे, जिससे पूरी बालकनी नीचे आ गिरी।
ये भी पढ़े-‘सब कुछ खत्म हो गया…’ कथित ठगी के बाद युवक की मौत से गांव में शोक
घायलों का अस्पताल में इलाज जारी
हादसे में घायल हुए लगभग 10 लोगों को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहाँ डॉक्टरों की देखरेख में उनका इलाज चल रहा है। पुलिस प्रशासन ने स्थिति को संभाल लिया है और मामले की जांच की जा रही है। इस घटना के बाद से पूरे इलाके में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है।
ये भी पढ़े- Lucknow News: यूपी STF की गोली से ढेर हुआ कुख्यात शूटर, प्रॉपर्टी डीलर की हत्या में था आरोपी





