Lucknow News: 422 करोड़ की टैक्स वसूली कर लखनऊ नगर निगम ने तोड़ा रिकॉर्ड, TI होंगे सम्मानित

लखनऊ नगर निगम ने हाउस टैक्स वसूली में इस बार सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। नगर निगम की टीम ने 422 करोड़ रुपए से अधिक की वसूली की है। 31 मार्च की रात दस बजे तक कुल करीब 422 करोड़ रुपया हाउस टैक्स जमा हुआ, जबकि नगर निगम ने इस मद में कुल 410 करोड़ की वसूली का लक्ष्य तय किया था।

इमेज क्रेडिट: सोशल मीडिया

लखनऊ नगर निगम ने हाउस टैक्स वसूली में नया रिकॉर्ड बनाया है। वित्तीय वर्ष 2023-24 में टैक्स वसूली का आंकड़ा 400 करोड़ के पार पहुंच गया। 31 मार्च की रात दस बजे तक कुल करीब 422 करोड़ रुपया हाउस टैक्स जमा हुआ, जबकि नगर निगम ने इस मद में कुल 410 करोड़ की वसूली का लक्ष्य तय किया था। यही नहीं, आखिरी दिन रविवार को छुट्टी के बावजूद खुले नगर निगम के काउंटरों पर 4075 मकानों का करीब 25 करोड़ रुपये टैक्स जमा हुआ। इस बार हाउस टैक्स वसूली के लिए नगर निगम अफसरों ने पूरे साल अभियान चलाया और लगातार समीक्षा की। यही वजह रही नगर निगम ने हाउस टैक्स वसूली में पिछले सभी रेकॉर्ड तोड़ दिए। इसमें सबसे बेहतर प्रदर्शन जोन 4 और जोन 8 ने किया। इसके उलट जोन 2 और जोन 5 में सबसे कम टैक्स वसूली हुई।

सम्मानित होंगे टैक्स इंस्पेक्टर
सबसे ज्यादा हाउस टैक्स वसूली करने वाले इंस्पेक्टरों को अप्रैल में सम्मानित किया जाएगा। इसमें सबसे ज्यादा टैक्स जोन 4 के टैक्स इंस्पेक्टर इमरान ने वसूला है। जोन- 4 से करीब 92 करोड रुपए की वसूली हुई। इसी तरह जोन-8 में टैक्स इंस्पेक्टर डीएस दूबे सबसे आगे रहे हैं। नगर आयुक्त इंद्रजीत सिंह ने बताया कि बेहतर काम करने वाले टैक्स इंस्पेक्टरों के साथ सभी जोनल अफसर को भी सम्मानित किया जाएगा।

डिफॉल्टरों व बड़े बकाएदारों पर करवाई का असर
नगर आयुक्त इंद्रजीत सिंह ने बताया कि कई कॉमर्शियल इमारतों के मालिक, स्कूल, कॉलेज, यूनिवर्सिटी, मॉल और सरकारी विभाग भी बकाया टैक्स जमा नहीं कर रहे थे। इन बकाएदारों पर करोड़ों का बकाया था। इसके लिए जोनल अफसरों ने बकाएदारों से सीधे बात कर टैक्स जमा करवाया। इसके अलावा शासन स्तर पर वार्ता कर सरकारी विभागों का भी बकाया जमा करवाया गया।

अब 1000 करोड़ का लक्ष्य
नगर आयुक्त इंद्रजीत सिंह ने दावा किया कि अगले वित्तीय वर्ष के लिए करीब 1000 करोड़ रुपये हाउस टैक्स वसूली का लक्ष्य तय किया जाएगा। वह जल्द अधिकारियों के साथ बैठक के बाद इसका ऐलान करेंगे।

Back to top button