Lucknow News: शहीद पथ पर खड़ी स्कॉर्पियो पर ताबड़तोड़ फायरिंग, जांच में जुटी पुलिस

Lucknow News: लखनऊ के शहीद पथ पर तहसील अंडरपास के पास खड़ी एक स्कॉर्पियो पर अज्ञात बदमाशों ने कई राउंड फायरिंग की। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल कर मामले की जांच कर रही है।

Lucknow News: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के पॉश इलाके गोमती नगर विस्तार में गुरुवार देर रात उस वक्त हड़कंप मच गया, जब शहीद पथ के किनारे खड़ी एक स्कॉर्पियो कार पर अज्ञात बदमाशों ने अंधाधुंध फायरिंग कर दी। गोलियों की आवाज सुनकर आसपास के राहगीर और स्थानीय लोग सहम गए और मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई।

राहत की बात यह रही कि जिस वक्त यह हमला हुआ, उस समय कार के भीतर कोई भी व्यक्ति मौजूद नहीं था, जिससे एक बड़ा हादसा होने से टल गया। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंच गए।

अंडरपास के ऊपर गए थे कार सवार युवक

मिली जानकारी के मुताबिक, गुरुवार रात करीब 11 बजे तहसील अंडरपास के पास एक स्कॉर्पियो कार खड़ी थी। इस गाड़ी से शुभम त्रिपाठी, विजय यादव और सोनू यादव नाम के तीन युवक उतरकर अंडरपास के ऊपर किसी काम से गए थे। इसी दौरान अज्ञात हमलावरों ने सूनी कार को निशाना बनाते हुए उस पर कई राउंड फायर झोंक दिए। फायरिंग के कारण स्कॉर्पियो की बॉडी और शीशों पर गोलियों के गहरे निशान बन गए हैं।

ये भी पढ़े- CM Yogi Birthday: CM योगी के बर्थडे पर बनारस में कटा केक, मायावती ने भी दी बधाई

मौके से मिले कारतूसों के खोखे

राहगीरों द्वारा पुलिस को मामले की जानकारी दिए जाने के बाद गोमती नगर विस्तार थाने की टीम और पूर्वी जोन के आला पुलिस अधिकारी तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने बारीकी से मुआयना किया और मौके से खाली कारतूसों के खोखे बरामद किए हैं।

इंस्पेक्टर गौरव बाजपेई ने बताया कि पीड़ितों की तहरीर के आधार पर अज्ञात बदमाशों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। शुरुआती जांच और मामले के पैटर्न को देखते हुए पुलिस इसे आपसी रंजिश या दुश्मनी का मामला मानकर चल रही है।

ये भी पढ़े- Noida Fire: नोएडा की लग्जरी सोसाइटी में आग का तांडव, IVY County में मचा हड़कंप

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है पुलिस

बदमाशों की पहचान और उनकी लोकेशन ट्रेस करने के लिए पुलिस की टीमें शहीद पथ और तहसील अंडरपास के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को खंगाल रही हैं। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को चिन्हित कर सलाखों के पीछे भेज दिया जाएगा। इस घटना के बाद से शहीद पथ के आसपास सुरक्षा व्यवस्था और गश्त को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।

ये भी पढ़े- मानव तस्करी गिरोह पर पुलिस का बड़ा एक्शन, युवती समेत 5 गिरफ्तार…

Back to top button