तालकटोरा की पेंट फैक्ट्री में लगी भीषण आग, पेट्रोल-केरोसिन के कंटेनरों के बीच डेढ़ घंटे चला रेस्क्यू

राजधानी लखनऊ के तालकटोरा इंडस्ट्रियल एरिया स्थित ईगल पेंट फैक्ट्री में शनिवार देर रात भीषण आग लग गई।

Lucknow News: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के तालकटोरा इंडस्ट्रियल एरिया में शनिवार देर रात एक बंद पेंट फैक्ट्री में अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी भयंकर थी कि देखते ही देखते इसकी लपटें और धुएं का गुबार आसमान छूने लगा। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड और पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। मौके पर अलग-अलग फायर स्टेशनों से दमकल की 8 गाड़ियां और SDRF की टीम पहुंची। करीब डेढ़ घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद इस भयानक आग पर काबू पाया जा सका। गनीमत यह रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई है।

बंद पड़ी ईगल पेंट फैक्ट्री में भड़की आग

मुख्य अग्निशमन अधिकारी (CFO) अंकुश मित्तल ने बताया कि तालकटोरा इंडस्ट्रियल एरिया (आलमबाग थाना क्षेत्र) में अंकुश अग्रवाल की ‘ईगल पेंट फैक्ट्री’ है। शनिवार रात सूचना मिली कि फैक्ट्री के अंदर आग लग गई है। घटना के वक्त फैक्ट्री बंद थी, जिससे अंदर कोई कर्मचारी मौजूद नहीं था। आलमबाग स्टेशन से प्रभारी अग्निशमन अधिकारी धर्मपाल सिंह के नेतृत्व में टीम रवाना की गई। जब दमकल की टीम मौके पर पहुंची, तो आग विकराल रूप ले चुकी थी और पूरा परिसर धुएं से भर गया था।

जान जोखिम में डाल बेसमेंट में उतरे दमकलकर्मी

फैक्ट्री के अंदर के हालात बेहद चुनौतीपूर्ण थे। अंदर भारी मात्रा में पेंट, पेट्रोल और केरोसिन के कई कंटेनर रखे हुए थे। अगर आग इन ज्वलनशील पदार्थों के कंटेनरों तक पहुंच जाती, तो सिलसिलेवार धमाके हो सकते थे और स्थिति भयावह हो जाती। दमकलकर्मियों ने अपनी जान की परवाह न करते हुए ‘बीए सेट’ (Breathing Apparatus) पहना और धुएं से भरे बेसमेंट में दाखिल हुए।

8 दमकल गाड़ियां और SDRF ने संभाला मोर्चा

आग की गंभीरता को देखते हुए आलमबाग के अलावा सरोजनी नगर, हजरतगंज, चौक और पीजीआई फायर स्टेशनों से भी दमकल की गाड़ियां बुलाई गईं। कुल आठ फायर टैंकरों की मदद से रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया। दमकलकर्मियों ने बगल की छत से आग के मुख्य केंद्र पर फोम (Foam) और पानी की बौछार शुरू की। साथ ही आस-पास रखे पेट्रोल और केरोसिन के कंटेनरों पर लगातार पानी डालकर उन्हें ठंडा रखा गया ताकि वे आग की चपेट में न आएं। एहतियात के तौर पर मौके पर SDRF की यूनिट भी तैनात की गई थी।

शॉर्ट सर्किट की आशंका, फायर NOC की होगी जांच

नीचे से पानी और ऊपर से फोम की बौछार की रणनीति काम आई और करीब डेढ़ घंटे के सघन अभियान के बाद आग पर पूरी तरह से काबू पा लिया गया। आग से फैक्ट्री में रखा लाखों रुपये का माल और कच्चा सामान जलकर खाक हो गया है।

सीएफओ ने बताया कि प्रथम दृष्टया आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है, हालांकि स्पष्ट कारणों की जांच की जा रही है। इसके साथ ही अग्निशमन विभाग इस बात की भी जांच कर रहा है कि फैक्ट्री के पास फायर एनओसी (Fire NOC) और आग बुझाने के पर्याप्त इंतजाम थे या नहीं। समय रहते आग बुझा लिए जाने से तालकटोरा इंडस्ट्रियल एरिया में एक बहुत बड़ा हादसा टल गया।

Back to top button