
लखनऊ में लोहिया संस्थान के स्थापना दिवस पर सीएम योगी ने किया संबोधित
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ रविवार को लखनऊ स्थित डॉ. राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान के छठे स्थापना दिवस समारोह को संबोधित करते हुए पिछली सरकारों पर जमकर बरसे। सीएम योगी ने कहा कि जब कोई एक व्यक्ति गलती करता है, तो उसकी कीमत पूरे संस्थान को चुकानी पड़ती है।
ठीक इसी तरह अतीत में एक व्यक्ति और एक परिवार की गलतियों की कीमत पूरे उत्तर प्रदेश को पहचान के संकट, कानून-व्यवस्था के भीषण संकट, अराजकता और भ्रष्टाचार के रूप में चुकानी पड़ती थी। उन्होंने कहा कि आज पारदर्शिता और शुचिता के साथ आगे बढ़ रहे उत्तर प्रदेश के सामने पहचान का कोई संकट नहीं है और प्रदेश का नागरिक देश में कहीं भी सीना तानकर कह सकता है कि वह उत्तर प्रदेश से है।
युवाओं को मिली सरकारी नौकरी
सीएम योगी ने बताया कि पिछले साढ़े नौ वर्षों में उनकी सरकार ने प्रदेश के 9.5 लाख युवाओं को पूरी पारदर्शिता के साथ सरकारी नौकरियां दी हैं, जिस पर कोई उंगली नहीं उठा सकता। वर्तमान में राज्य के लगभग 16 लाख सरकारी कर्मचारियों में से 9.5 लाख कर्मचारी मौजूदा सरकार के कार्यकाल में भर्ती हुए हैं, जो प्रदेश की प्रगति को नई गति दे रहे हैं।
लोहिया संस्थान में 1,010 बेड
समारोह के दौरान मुख्यमंत्री ने संस्थान में मुख्य चिकित्सा अंग प्रत्यारोपण (ऑर्गन ट्रांसप्लांट) यूनिट, 40 बेड के इमरजेंसी वार्ड और मातृ एवं शिशु चिकित्सालय में 100 मरीजों की क्षमता वाले वेटिंग हॉल सहित कई अत्याधुनिक चिकित्सा सुविधाओं का लोकार्पण किया।
उन्होंने घोषणा की कि अंग प्रत्यारोपण यूनिट से किडनी ट्रांसप्लांट की प्रतीक्षा सूची कम होगी और जल्द ही यहां बोन मैरो ट्रांसप्लांट की सुविधा भी शुरू होने जा रही है। इसके अलावा संस्थान में 1,010 बेड का नया अस्पताल और 350 बेड का ट्रॉमा सेंटर बनाने की तैयारी पूरी कर ली गई है।
एमबीबीएस सीटें 13,600 के पार
उत्तर प्रदेश के स्वास्थ्य ढांचे में आए क्रांतिकारी बदलावों का ब्योरा देते हुए सीएम योगी ने कहा कि 2017 से पहले प्रदेश में सरकारी और निजी मिलाकर कुल 41 मेडिकल कॉलेज थे, जिनकी संख्या आज बढ़कर 85 हो गई है और दो एम्स भी संचालित हैं। एमबीबीएस की सीटें 4,690 से बढ़कर 13,600 से अधिक और पीजी की सीटें 3,564 से बढ़कर 5,067 हो चुकी हैं।
पहले राज्य में केवल 2 सरकारी नर्सिंग कॉलेज थे, जबकि आज 26 बन चुके हैं और 33 निर्माणाधीन हैं। इसके अलावा मेडिकल कॉलेजों में फैकल्टी की संख्या भी 1,227 से बढ़ाकर 3,438 कर दी गई है।
नवनियुक्त कर्मियों को बांटे नियुक्ति पत्र
समारोह के दौरान मुख्यमंत्री ने लोहिया संस्थान में पारदर्शी प्रक्रिया से चयनित 194 नवनियुक्त कर्मियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए। कार्यक्रम में सीएम योगी ने संस्थान की वार्षिक रिपोर्ट के साथ डॉ. अजय कुमार वर्मा की पुस्तक ‘सही जानकारी सही देखभाल’ और डॉ. एसएस नाथ की पुस्तक ‘क्रिटिकल केयर फाल्स’ का विमोचन भी किया।
सपा पर कसा तंज
समारोह को संबोधित करते हुए उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने आरोप लगाया कि सपा शासनकाल में लोहिया संस्थान में कैंटीन, लाउंड्री और निर्माण कार्यों के टेंडर ‘भैया के लोगों’ को मिला करते थे, जिससे पारदर्शिता खत्म हो गई थी। उन्होंने कहा कि सपा ने यूपी को गुंडागर्दी और दंगों में झोंका, जबकि योगी सरकार में स्वास्थ्य सेवाओं का अभूतपूर्व विस्तार हुआ है।





