
मध्यांचल विद्युत निगम के एमडी का बड़ा एक्शन; 5 इंजीनियर सहित SDO और JE सस्पेंड…
MVVNL: मध्यांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड (MVVNL) की प्रबंध निदेशक (एमडी) रिया केजरीवाल ने उन्नाव जनपद में बिजली व्यवस्था का निरीक्षण करते हुए गंभीर लापरवाही मिलने पर कड़ी कार्रवाई की है। एमडी ने चार नवंबर को किए गए निरीक्षण में 12 प्रमुख कमियों की पहचान की थी। इन कमियों के आधार पर पांच इंजीनियरों को जिम्मेदार मानते हुए विभागीय कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
दो इंजीनियर निलंबित, तीन को कारण बताओ नोटिस
एमडी ने पुरवा उपखंड के एसडीओ अनिल कुमार वर्मा और पुरवा उपकेंद्र के जूनियर इंजीनियर (जेई) संतोष कुमार श्रीवास्तव को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। निलंबन के बाद दोनों को बरेली के प्रथम जोन में संबद्ध किया गया है।
इसके अलावा पुरवा खंड के अधिशासी अभियंता विष्णु दयाल यादव, मगरवारा (उन्नाव) के अधिशासी अभियंता भरत, और रायबरेली के एक अन्य अधिशासी अभियंता को कारण बताओ नोटिस जारी करते हुए सात दिन के भीतर जवाब तलब किया गया है।
निरीक्षण में मिलीं 12 गंभीर कमियां
एमडी रिया केजरीवाल ने निरीक्षण के दौरान पाया कि कई स्थानों पर लाइन और ट्रांसफार्मर का नियमित मेंटेनेंस नहीं किया जा रहा था। कुछ स्थानों पर बिजली की लाइनें जर्जर अवस्था में थीं और एबीसी (एरियल बंच केबल) व ट्रांसफार्मर पेटियां क्षतिग्रस्त मिलीं। एमडी ने इस स्थिति पर नाराजगी जताते हुए कहा कि इस तरह की लापरवाही जनसुरक्षा के साथ खिलवाड़ है।
सुरक्षा तंत्र के बिना चल रहे थे ट्रांसफार्मर
एमडी ने पाया कि 400 केवीए के ट्रांसफार्मर बिना अर्थिंग और सुरक्षा तंत्र के चालू रखे गए थे। यह गंभीर लापरवाही मानी गई। निरीक्षण में यह भी सामने आया कि पावर कॉर्पोरेशन के अध्यक्ष डॉ. आशीष गोयल के आदेश के बावजूद केवल 12 स्मार्ट मीटर ही लगाए गए थे, जबकि जिले में बड़ी संख्या में इंस्टॉलेशन लंबित थे।
यह भी पढ़ें…
Lucknow News: सड़क किनारे मिली महिला की लाश, इलाके में मची सनसनी
एमडी ने जताई नाराजगी
एमडी रिया केजरीवाल ने कहा कि अगर अधिशासी अभियंता अपने क्षेत्रों का समय पर मौका-मुआयना करते, तो ऐसी स्थिति उत्पन्न नहीं होती। उन्होंने कहा कि उपभोक्ताओं को निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने और सुरक्षा मानकों का पालन अनिवार्य है।
यह भी पढ़ें…
लखनऊ में विकास कार्यों की समीक्षा बैठक… सरोजनी नगर सहित 34 क्षेत्रों में होगा विशेष फोकस
विभागीय स्तर पर सख्त संदेश
मध्यांचल निगम ने इस कार्रवाई के माध्यम से स्पष्ट संकेत दिया है कि बिजली व्यवस्था में किसी भी स्तर की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। एमडी ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि बिजली आपूर्ति, रखरखाव और सुरक्षा उपायों में किसी भी प्रकार की ढिलाई पाए जाने पर तत्काल सख्त कार्रवाई की जाएगी।
प्रवक्ता, मध्यांचल निगम ने कहा कि निरीक्षण रिपोर्ट के आधार पर जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय की गई है और आगे भी इसी तरह की आकस्मिक जांचें जारी रहेंगी ताकि उपभोक्ताओं को गुणवत्तापूर्ण सेवाएं मिल सकें।
यह भी पढ़ें…





