
लखनऊ में विकास कार्यों की समीक्षा बैठक… सरोजनी नगर सहित 34 क्षेत्रों में होगा विशेष फोकस
Lucknow News: प्रदेश के वित्त मंत्री और लखनऊ के प्रभारी मंत्री सुरेश खन्ना की अध्यक्षता में नगर निगम और यातायात विभाग की एक संयुक्त बैठक लोक भवन में आयोजित की गई। इस बैठक में राजधानी लखनऊ के विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई और शहर के विभिन्न क्षेत्रों की आवश्यकताओं पर विस्तृत चर्चा हुई।
बैठक में विशेष रूप से सरोजनी नगर क्षेत्र से संबंधित कई महत्वपूर्ण मांगें और योजनाएं रखी गईं। इनमें चरण भट्ठा रोड के निर्माण कार्य को शीघ्र प्रारंभ करने का प्रस्ताव प्रमुखता से सामने आया। इसके साथ ही ट्रांसपोर्ट नगर की पार्किंग व्यवस्था को बेहतर बनाने और वहां के यातायात दबाव को कम करने के लिए नई रणनीतियों पर भी विस्तार से विचार किया गया।
नालों की सफाई और जलभराव पर विशेष फोकस
बैठक में सुझाव दिया गया कि शहर के प्रमुख नालों की सफाई और पुनर्निर्माण पर विशेष ध्यान दिया जाए, ताकि बरसात के दौरान जलभराव से जनता को राहत मिल सके। अधिकारियों ने कहा कि इसके लिए नगर निगम और जल संस्थान को समन्वय बनाकर कार्य करना चाहिए।
34 स्थानों का विशेष विकास
अधिकारियों ने बताया कि लखनऊ के विस्तारित क्षेत्र के 34 प्रमुख स्थानों को प्राथमिकता के आधार पर विकसित किए जाने की योजना है। इन स्थानों के लिए अलग-अलग विकास योजनाएं तैयार की जाएंगी, जिनमें सड़क निर्माण, नालियां, स्ट्रीट लाइटिंग, पार्क, सामुदायिक केंद्र और यातायात सुधार कार्य शामिल होंगे।
यह भी पढ़ें…
बिहार को नई सोच, नए नेतृत्व की तलाश… अखिलेश बोलें- महागठबंधन की सरकार बनना तय
वार्डों का वर्गीकरण और पारदर्शी बजट आवंटन
प्रभारी मंत्री सुरेश खन्ना ने कहा कि लखनऊ नगर निगम के सभी 110 वार्डों को विकसित, अल्पविकसित और अविकसित — तीन श्रेणियों में विभाजित किया जा रहा है। इसके आधार पर प्रत्येक वार्ड को उसकी आवश्यकताओं के अनुसार समानुपातिक और पारदर्शी धनराशि आवंटित की जाएगी। उन्होंने कहा कि उद्देश्य यह है कि विकास का लाभ हर क्षेत्र और हर नागरिक तक पहुंचे।
यह भी पढ़ें…
वन्दे मातरम् के 150 वर्ष पूर्ण… सीएम योगी बोले – यह भारत की एकता, भक्ति और शक्ति का प्रतीक
जनता की अपेक्षाओं पर सरकार का फोकस
सुरेश खन्ना ने सभी प्रस्तावों पर सकारात्मक प्रतिक्रिया दी और अधिकारियों को निर्देश दिया कि जनता की अपेक्षाओं को ध्यान में रखते हुए विकास कार्यों को शीघ्र प्रारंभ किया जाए। उन्होंने कहा,
“सरकार की प्राथमिकता जनता की सुविधा और शहर का समग्र विकास है। हर क्षेत्र में बुनियादी सुविधाएं सुनिश्चित की जाएंगी, ताकि लखनऊ को एक आधुनिक और सुव्यवस्थित नगरी के रूप में विकसित किया जा सके।”
बैठक में नगर निगम, लखनऊ विकास प्राधिकरण, यातायात पुलिस, लोक निर्माण विभाग और अन्य संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
यह भी पढ़ें…





