चेकिंग से बचने में नाबालिग ने दौड़ाई कार… 15 जख्मी, बोनट पर लटका पुलिसकर्मी

MP News: ग्वालियर के पड़ाव थाना क्षेत्र में बुधवार को सड़क सुरक्षा अभियान के दौरान एक बड़ा हादसा हो गया। एक नाबालिग ने चेकिंग से बचने की कोशिश में कार दौड़ाते हुए सड़क पर तांडव मचा दिया। रोडवेज चौराहा रोड पर उसने 8 से 10 वाहनों को टक्कर मार दी।

यही नहीं, एक ट्रैफिक पुलिसकर्मी पर कार चढ़ाने की कोशिश की और दूसरा पुलिसकर्मी कार के बोनट पर करीब आधा किलोमीटर तक लटका रहा। इस घटना में 15 लोग घायल हो गए, जिनमें से चार की हालत गंभीर बताई जा रही है।

कैसे हुआ हादसा
सड़क सुरक्षा के तहत ग्वालियर में जगह-जगह वाहनों की चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान काली फिल्म चढ़ी एक संदिग्ध कार रोडवेज चौराहे से गुजर रही थी। पुलिस ने कार को रोकने का प्रयास किया, लेकिन चालक ने गाड़ी तेज कर दी। इस दौरान ट्रैफिक जवान अतुल शर्मा कार के बोनट पर चढ़ गए। घबराए नाबालिग चालक ने नियंत्रण खो दिया और कई वाहनों को टक्कर मार दी।

आधा किलोमीटर तक बोनट पर लटका जवान
आरोपी नाबालिग बिना ब्रेक लगाए कार दौड़ाता रहा। बोनट पर लटके जवान को गंभीर चोटें आईं। वहीं, सड़क पर मची अफरातफरी में करीब 15 लोग घायल हुए। स्थानीय लोगों ने किसी तरह कार को रोक लिया और चालक को पकड़कर पिटाई कर दी। इसके बाद पुलिस ने आरोपी नाबालिग को हिरासत में ले लिया।

घायलों की हालत
इस घटना में ट्रैफिक पुलिस जवान अतुल शर्मा के हाथ में फ्रैक्चर हुआ है और सिर व पैर में गंभीर चोटें हैं। उनके अलावा तीन और लोगों की हालत गंभीर बनी हुई है। सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

यह भी पढ़ें…

उज्जैन में अवैध निर्माण पर बुलडोज़र एक्शन, 11 मकान-दुकान और दो होटल ध्वस्त

पुलिस की कार्रवाई
पड़ाव थाना प्रभारी आलोक परिहार ने बताया कि सड़क सुरक्षा अभियान के तहत बिना नंबर प्लेट और काली फिल्म लगी गाड़ियों की चेकिंग की जा रही थी। तभी यह हादसा हुआ। आरोपी नाबालिग के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। साथ ही, उसके परिजनों पर भी कार्रवाई होगी क्योंकि नाबालिग बिना अनुमति कार लेकर निकला था।

यह भी पढ़ें…

सिंगरौली में धर्मांतरण रैकेट का भंडाफोड़; पांच गिरफ्तार, 50 लोगों के धर्म परिवर्तन का आरोप

परिजनों का बयान
पुलिस के मुताबिक, आरोपी नाबालिग के परिजनों ने बताया कि वह बिना उनकी जानकारी के चुपचाप कार लेकर घर से निकल गया था। घटना के बाद परिवार पर भी लापरवाही को लेकर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

यह भी पढ़ें…

मीका सिंह ने सीएम मोहन यादव से की मुलाकात, नशा विरोधी प्रयासों की सराहना

Back to top button