कोरोना के सक्रिय मामलों में गिरावट, 17 राज्यों में 50 हजार से कम केस: स्वास्थ्य सचिव

नई दिल्ली। देश के अधिकतर राज्यों में कोरोना के सक्रिय मामलों में गिरावट देखी जा रही है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार देश के 11 राज्यों में 1 लाख से अधिक सक्रिय मामले हैं।

8 राज्यों में 50,000 से 1 लाख के बीच कोरोना के सक्रिय मामले हैं। देश के 17 राज्यों में 50,000 से कम कोरोना के सक्रिय मामले हैं।

महाराष्ट्र, यूपी, गुजरात और छत्तीसगढ़ जहां अधिक संख्या में कोरोना के नए मामले सामने आ रहे हैं और वहां भी अब सक्रिय मामलों में गिरावट दर्ज की जा रही है। इसके साथ ही मंत्रालय ने बताया कि चिंता का कारण तमिलनाडु है जहां पिछले एक सप्ताह में सक्रिय मामलों की संख्या में वृद्धि दर्ज की गई है।

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के संयुक्त सचिव लव अग्रवाल के अनुसार देश में सक्रिय मामलों में कमी देखी जा रही है। 3 मई को रिकवरी रेट 81.3 फीसद थी जिसके बाद रिकवरी में सुधार हुआ है। अब रिकवरी रेट 83.83 फीसद है। 75 फीसद मामले 10 राज्यों से आ रहे हैं और कुल सक्रिय मामलों का 80 फीसद सिर्फ 12 राज्यों में है।

स्वास्थ्य सचिव ने बताया कि देश में 24 राज्य और केंद्र शासित प्रदेश ऐसे हैं जहां 15 फीसद से ज्यादा पॉजिटिविटी रेट है। 5 से 15 फीसद पॉजिटिविटी रेट 10 राज्यों में है।

5 फीसद से कम पॉजिटिविटी रेट 3 राज्यों में है। पिछले 1 सप्ताह में 18 राज्य और केंद्र शासित प्रदेश पॉजिटिविटी रेट कम हुई है। देशभर में पॉजिटिविटी रेट जो 21.9 फीसद थी, वो अब 19.8 फीसद रह गई है।

Back to top button