
MP सड़क हादसे में UP के आठ मजदूर मरे, 32 घायल
भिंड के नेशनल हाईवे-719 पर पिकअप और डंपर में टक्कर
CM योगी ने मृतकों के परिजनों को दी आर्थिक मदद
भोपाल। मध्य प्रदेश के भिंड के नेशनल हाईवे-719 पर पर कल देर रात छीमका गांव के पास पिकअप और डंपर की आमने-सामने हुई भीषण टक्कर में यूपी के लखीमपुर के आठ मजदूरों की मौत हो गई, जबकि करीब 32 लोग घायल हो गए। सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसा सड़क पर बैठे मवेशियों के झुंड को बचाने के प्रयास में हुआ, सभी मजदूर ग्वालियर-डबरा क्षेत्र में धान रोपाई का काम पूरा कर पिकअप से अपने गांव लौट रहे थे। मृतकों में पसगवां और मोहम्मदी क्षेत्र के बेला परसिया, किशनपुर अजीत और नेवली गांव के मजदूर बताए जा रहे हैं। गंभीर घायलों को ग्वालियर रेफर किया गया है। गोहद थाना प्रभारी के अनुसार मवेशियों को बचाने की कोशिश में मजदूरों के वाहन के चालक ने नियंत्रण खो दिया, जिससे वाहन गलत दिशा में चला गया और सामने से आ रहे डंपर-ट्रक से टकरा गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि पिकअप वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और कई मजदूर उसमें फंस गए, पांच ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। जबकि तीन की अस्पताल ले जाते समय मौत हो गई। स्थानीय लोगों की मदद से वाहन में फंसे मजदूरों को बाहर निकाला गया।
हादसे का UP के मुख्यमंत्री ने लिया संज्ञान
विदित हो कि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हादसे का संज्ञान लेते हुए मृतक मजदूरों के परिजनों को दो-दो लाख रुपये की आर्थिक सहायता की घोषणा की है। उत्तर प्रदेश, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ





