तालिबान को सलाम करता है हिंदुस्तान का मुसलमान, अल्लाह का शुक्रिया: सज्जाद नोमानी

मुस्लिम पर्सनल लॉ बोर्ड के प्रवक्ता सज्जाद नोमानी

नई दिल्ली। सपा सांसद शफीकुर रहमान बर्क के बाद मुस्लिम पर्सनल लॉ बोर्ड के प्रवक्ता सज्जाद नोमानी भी तालिबान के समर्थन में उतर आए हैं। बुधवार को उन्होंने बयान जारी कर अफगानिस्तान पर तालिबान के कब्जे को जायज बताया।

उन्होंने कहा कि तालिबान ने पूरी दुनिया की सबसे मजबूत सेनाओं को धूल चटाई है। इन नौजवानों ने काबुल की जमीन को चूमा है। आगे कहा कि हिंदुस्तान का मुसलमान, तालिबान को सलाम करता है। उन्होंने तालिबान की जीत के लिए अल्लाह को शुक्रिया कहा। 

नोमानी ने कहा कि पूरी दुनिया ने देखा कि कैसे एक निहत्थी कौम ने दुनिया की सबसे मजबूत फौजों का मुकाबला किया और काबुल के महल में वे दाखिल हुए। उनमें किसी भी तरह का घमंड नहीं था, बड़े बोल नहीं थे। एक बार फिर यह तारीख रकम हुई है। 

बर्क ने की थी स्वतंत्रता सेनानियों से तालिबान की तुलना 

सज्जाद नोमानी से पहले शफीकुर रहमान बर्क ने भी तालिबान के समर्थन में विवादित बयान दिया था। उन्होंने कहा था कि तालिबानी अपने देश की आजादी के लिए लड़ रहे हैं।

अफगान के लोग उनके नेतृत्व में आजादी चाहते हैं। जब भारत पर ब्रिटिश शासन था तब हमारे देश ने भी आजादी के लिए जंग लड़ी थी। अब तालिबान अपने देश को आजाद कराना चाह रहे हैं और उसके लिए लड़ रहे हैं। 

मुकदमा दर्ज होने के बाद बदल गए थे सुर 

संभल से सांसद बर्क के विवादित बयान के बाद उन पर मुकदमा दर्ज किया गया था, जिसके बाद उनके सुर बदल गए थे। शफीकुर रहमान ने ट्विटर पर इसकी सफाई देते हुए कहा था कि मैंने ऐसा कोई बयान नहीं दिया है। मेरा तालिबान से क्या मतलब। 

Back to top button