
UP News: जिला अस्पताल के ICU में खौफनाक वारदात, मरीज को पीट-पीटकर मार डाला
UP News: मुजफ्फरनगर के सरकारी जिला अस्पताल के ICU में मामूली विवाद के बाद एक तीमारदार ने बीमार मरीज की पीट-पीटकर हत्या कर दी। पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
UP News: उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर से सुरक्षा व्यवस्था और संवेदनशीलता को तार-तार कर देने वाला एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां के स्वामी कल्याण देव जिला चिकित्सालय के आईसीयू (ICU) वार्ड में भर्ती एक मरीज की दूसरे मरीज के तीमारदार (attendant) ने बेरहमी से पीट-पीटकर हत्या कर दी। इस घटना के बाद से अस्पताल प्रशासन और वहां की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।
क्या है पूरा मामला?
मिली जानकारी के अनुसार, थाना नई मंडी क्षेत्र के बिलासपुर गांव के रहने वाले 45 वर्षीय रमेश पाल पेशे से वेल्डिंग ठेकेदार थे। लिवर की बीमारी के चलते उन्हें बीते 10 जुलाई को जिला अस्पताल के आईसीयू में भर्ती कराया गया था।
सोमवार तड़के करीब 3:00 बजे रमेश पाल को अचानक चक्कर आया और वह पास ही के दूसरे बेड पर बैठ गए। उस बेड पर अस्थमा की मरीज एक महिला भर्ती थी। इस बात को लेकर महिला के बेटे संजय (निवासी गोशाला रोड, नदी मार्ग) और रमेश पाल के बीच तीखी बहस हो गई।
बाहर से लड़के बुलाकर की मारपीट
बहस इतनी बढ़ गई कि आरोपी संजय ने रमेश पाल पर छेड़छाड़ का आरोप लगाते हुए उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। इतना ही नहीं, आरोप है कि संजय ने बाहर से अपने कुछ और साथियों को भी अस्पताल के अंदर बुला लिया। इन सभी ने मिलकर गंभीर रूप से बीमार रमेश पाल की बेरहमी से पिटाई कर दी।
इस मारपीट के कारण रमेश पाल के नाक से लगातार खून बहने लगा। अस्पताल कर्मियों ने आनन-फानन में उन्हें इमरजेंसी वार्ड में शिफ्ट किया, जहां इलाज के दौरान सोमवार सुबह करीब 8:30 बजे उन्होंने दम तोड़ दिया।
सोमवार को होनी थी छुट्टी, पर घर लौटी लाश
मृतक के बेटे सागर पाल ने रोते हुए बताया कि उसके पिता धीरे-धीरे ठीक हो रहे थे और सोमवार को ही डॉक्टरों ने उन्हें अस्पताल से डिस्चार्ज (छुट्टी) करने की बात कही थी। सागर के मुताबिक, उसके पिता अपनी गंभीर बीमारी का हवाला देकर हमलावरों के आगे हाथ जोड़ते रहे और रहम की भीख मांगते रहे, लेकिन पत्थरदिल आरोपियों ने उनकी एक न सुनी।
अस्पताल में हंगामा
इस घटना के बाद मृतक के परिजनों और ग्रामीणों ने अस्पताल में जमकर हंगामा किया। उन्होंने सवाल उठाया कि जब आईसीयू जैसे संवेदनशील वार्ड के बाहर गार्ड तैनात रहते हैं, तो बाहर से लड़के अंदर कैसे घुस आए और इतनी बड़ी वारदात को अंजाम दे दिया?
नगर कोतवाली के इंस्पेक्टर ब्रजेश कुमार शर्मा ने बताया कि मृतक के बेटे सागर पाल की तहरीर पर आरोपी संजय के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगालने के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।





