स्वाति मालीवाल ने केजरीवाल के PA पर लगाया मारपीट का आरोप, जांच में जुटी पुलिस

Viral News: आम आदमी पार्टी की नेता और दिल्ली महिला आयोग की पूर्व अध्यक्ष स्वाति मालीवाल ने सोमवार को मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के आवास पर उनके पीए विभव कुमार पर उनके साथ मारपीट करने का आरोप लगाया है।

आम आदमी पार्टी (Aam Aadmi Party) की राज्यसभा सदस्य स्वाति मालीवाल ने सोमवार को दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के निजी सहायक (PA) पर उनके साथ मारपीट करने का आरोप लगाया। पुलिस सूत्रों ने दावा करते हुए कहा कि सीएम हाउस के भीतर से दिल्ली पुलिस को पीसीआर कॉल की गई। कॉल करने वाले ने खुद को स्वाति मालीवाल बताया।

अधिकारी ने बताया कि मालीवाल ने पीसीआर कॉल भी की थी और झगड़े का आरोप लगाया था। उन्होंने बताया कि सुबह करीब 10 बजे दो कॉल आई थी। सिविल लाइंस थाने की एक टीम मुख्यमंत्री के आवास पर जांच के लिए पहुंची।  फिलहाल, दिल्ली पुलिस, स्वाति मालिवाल, आम आदमी पार्टी या मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की ओर से कोई बयान नहीं जारी किया गया है।

भारतीय जनता पार्टी के कुछ नेताओं ने जरूर सोशल मीडिया पर अरविंद केजरीवाल की घेराबंदी शुरू कर दी है। भाजपा नेता अमिल मालवीय ने एक्स पर लिखा, ‘आम आदमी पार्टी की राज्यसभा सांसद और दिल्ली महिला आयोग की पूर्व अध्यक्ष स्वाति मालीवाल ने आरोप लगाया है कि दिल्ली के मुख्यमंत्री के पीए ने उन पर हमला किया। दिल्ली सीएम के आवास से फोन किया गया। याद रखें केजरीवाल की गिरफ्तारी पर स्वाति मालीवाल चुप रहीं थीं। वास्तव में उस समय वह भारत में भी नहीं थीं और लंबे समय तक नहीं लौटीं।’ 

कोई लिखित शिकायत नहीं दी गई

घटना की जानकारी मिलने के बाद इलाके की पुलिस की तीन वैन मौके पर पहुंची। लेकिन पुलिस मुख्यमंत्री आवास के अंदर दाखिल नहीं हुई। इस सूचना के बाद पुलिस जब मौके पर पहुंची तो स्वाति वहां पर नहीं मिली। प्रोटोकॉल के मुताबिक, दिल्ली पुलिस सीएम हाउस के भीतर नहीं जा सकती। पुलिस पीसीआर कॉल की सच्चाई का पता लगाने की कोशिश कर रही है। हालांकि, अभी तक इस मामले में कोई लिखित शिकायत नहीं दी गई है। ना ही स्वाति मालीवाल की तरफ से इस मामले पर अभी तक कोई भी बयान दिया गया है।

Disclaimer: लाइव न्यू इंडिया इस खबर की पुष्ठी नहीं करता है. साझा की गयी जानकारी अलग अलग मीडिया रिपोर्ट्स और सोशल मीडिया प्लेटफार्म के आधार पर लिया गया है.

Back to top button