
राहुल-प्रियंका ने आकाशवाणी भवन परिसर में डाला डेरा, अखिलेश यादव समेत कई नेता हिरासत में
INDIA Alliance Protest: देश की राजधानी दिल्ली में चुनाव आयोग (Election Commission) के खिलाफ INDIA गठबंधन के ‘सेव डेमोक्रेसी मार्च’ के दौरान जबरदस्त सियासी ड्रामा देखने को मिला है।
मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) में कथित गड़बड़ियों के खिलाफ विपक्षी दलों का यह विरोध प्रदर्शन उस समय और तीव्र हो गया जब पुलिस ने मार्च को नीति आयोग के पास रोक दिया। इस दौरान सुरक्षा बलों और नेताओं के बीच तीखी झड़प भी देखने को मिली।
पेड़ के नीचे बैठे राहुल-प्रियंका
निर्वाचन सदन की ओर मार्च करने की कोशिश के दौरान पुलिस ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम करते हुए रास्ते बंद कर दिए और आकाशवाणी भवन का पिछला गेट भी बंद कर दिया गया। इस स्थिति के बीच लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी (Rahul Gandhi) और कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी (Priyanka Gandhi) आकाशवाणी भवन परिसर के अंदर पहुंच गए और वहां एक पेड़ के नीचे धरने पर बैठ गए।
आकाशवाणी भवन के बाहर बड़ी संख्या में कांग्रेसी कार्यकर्ता और अन्य विपक्षी दलों के समर्थक पहुंच गए हैं, जो लगातार सरकार और चुनाव आयोग के खिलाफ जोरदार नारेबाजी कर रहे हैं। प्रदर्शनकारियों को नियंत्रित करने और तितर-बितर करने के लिए दिल्ली पुलिस ने मौके पर कई बसें बुलवा ली हैं और लगातार हालात पर नजर बनाए हुए है।
कई दिग्गज नेता हिरासत में
इस हाई-वोल्टेज ड्रामे के बीच समाजवादी पार्टी (Samajwadi Party) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव (Akhilesh Yadav) को भी दिल्ली पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। विपक्षी सांसद संसद भवन से निर्वाचन सदन की तरफ मार्च निकाल रहे थे, तभी नीति आयोग के पास भारी पुलिस बल ने उन्हें आगे बढ़ने से रोक दिया।
बैरिकेडिंग पार करने की कोशिश और प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था का हवाला देते हुए अखिलेश यादव समेत कई प्रमुख विपक्षी नेताओं को हिरासत में ले लिया। फिलहाल दिल्ली के हाई-सिक्योरिटी जोन में तनाव का माहौल बना हुआ है और भारी पुलिस बल तैनात है।
ये भी पढ़े- ज्ञानेश कुमार के खिलाफ विपक्ष का हल्ला बोल, राहुल और प्रियंका का सड़क पर प्रदर्शन




