
IND VS PAK: कांग्रेस सांसद शशि थरूर का बड़ा बयान, ‘हमें पाक खिलाड़ियों से हाथ मिलाना चाहिए था’
Shashi Tharoor On PaK: कांग्रेस सांसद ने 1999 विश्वकप की याद दिलाई, जब भारत और पाकिस्तान का मुकाबला कारगिल युद्ध की पृष्ठभूमि में हुआ था। उस दौरान खिलाड़ियों ने आपस में हाथ मिलाकर खेल भावना का परिचय दिया था।
Shashi Tharoor On PaK: एशिया कप 2025 में भारतीय टीम का बेहतरीन प्रदर्शन लगातार जारी है। माना जा रहा है कि एशिया कप फाइनल मैच भारत और पाकिस्तान की टीम के बीच होने की संभावना है। आपको बता दें कि भारत के खिलाड़ियों ने पाकिस्तान के खिलाफ खेले गए दोनों मुकाबलों में पड़ोसी देश के प्लेयर्स से हाथ नहीं मिलाया है जो काफी चर्चा का विषय बना हुआ है। अब कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने इस पूरे मुद्दे पर अपनी राय रखी है और कहा है कि खेल की भावना से खेलना चाहिए और हमें उनसे हाथ मिलाना चाहिए था।
क्या बोले शशि थरूर?
एक इंटरव्यू के दौरान उन्होंने बताया, “अगर मैच खेलने का फैसला हो गया है, तो खेल भावना के साथ खेलना चाहिए। पाकिस्तान के साथ खेलना है, तो हाथ मिलाना भी चाहिए था। 1999 में कारगिल युद्ध के समय भी भारत ने इंग्लैंड में पाकिस्तान के खिलाफ खेला था और तब भी खिलाड़ी हाथ मिला रहे थे। खेल की भावना हमेशा अलग होती है, यह देशों या सेनाओं के झगड़े से नहीं जुड़ी होती।”
कारगिल युद्ध के दौरान भी ऐसा हुआ- शशि थरूर
शशि थरूर ने कहा- “हमने 1999 में पहले भी ऐसा किया है, जब कारगिल युद्ध चल रहा था। जिस दिन हमारे सैनिक हमारे देश के लिए मर रहे थे, हम इंग्लैंड में पाकिस्तान के खिलाफ विश्व कप खेल रहे थे। हम तब भी उनसे हाथ मिला रहे थे क्योंकि खेल की भावना देशों के बीच, सेनाओं के बीच होने वाली भावना से अलग होती है। यह मेरा विचार है। अगर पाकिस्तानी टीम, पहली बार अपमानित होने के बाद, दूसरी बार हमें अपमानित करने का फैसला करती है, तो यह दर्शाता है कि दोनों तरफ खेल की भावना का अभाव है।”
आपको बता दें कि गुरुवार को BCCI ने 21 सितंबर को एशिया कप के सुपर 4 मुकाबले के दौरान अनुचित व्यवहार के लिए पाकिस्तानी क्रिकेटर साहिबजादा फरहान और हारिस रऊफ के खिलाफ आधिकारिक तौर पर शिकायत दर्ज कराई। एशिया कप 2025 में भारत ने दो मैचों में पाकिस्तान को करारी शिकस्त दी है। भारत एशिया कप के फाइनल में पहुंच गया है और ऐसी संभावना जताई जा रही है कि रविवार को फाइनल में भारत और पाकिस्तान का मुकाबला हो सकता है।





