
‘Nayyi Navelli’ का धमाकेदार टीजर रिलीज, लाल जोड़े में ‘डायन’ बनीं यामी गौतम
Nayyi Navelli Teaser: अभिनेत्री यामी गौतम अपनी नई बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘नयी नवेली’ (Nayyi Navelli) के साथ दर्शकों को हंसी और खौफ के अनोखे सफर पर ले जाने के लिए तैयार हैं। मेकर्स ने गुरुवार को फिल्म का धमाकेदार टीजर जारी कर दिया है, जिसमें यामी पहली बार ‘डायन‘ के बिल्कुल अलग और अनूठे किरदार में नजर आ रही हैं।
बालाजी मोहन द्वारा निर्देशित यह फिल्म दशहरा के मौके पर 16 अक्टूबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
वायरल हुआ यामी का डायलॉग
टीजर की शुरुआत एक साधारण भारतीय परिवार के माहौल से होती है, जहां नई नवेली दुल्हन ‘मोहिनी’ (यामी गौतम) का स्वागत होता है। कहानी में मोड़ तब आता है जब घर का जीजा दावा करता है कि “भाभी डायन है”। इस पर लाल जोड़े में सजी यामी गौतम एक खौफनाक अंदाज में जवाब देती हैं, “सिर्फ डायन? 2 डायन, 3 पिशाच और 4 भूत तो मैं नाश्ते में खा जाती हूं”। टीजर में यामी का लाल साड़ी में हवा में उड़ना और डरावना अवतार दर्शकों को काफी पसंद आ रहा है।
हॉरर-कॉमेडी से भरपूर पारिवारिक ड्रामा
हॉरर-कॉमेडी से भरपूर इस पारिवारिक ड्रामा फिल्म को आनंद एल राय और हिमांशु शर्मा ने अपने बैनर ‘कलर येलो’ के तहत प्रोड्यूस किया है। फिल्म में यामी गौतम के अलावा आदिनाथ एम. कोठारे, सुनीता राजवार, मीता वशिष्ठ, सुस्मिता मुखर्जी और अनुराग ठाकुर जैसे कई बेहतरीन कलाकार मुख्य भूमिकाओं में हैं। फिल्म का संगीत जीवी प्रकाश कुमार ने तैयार किया है।
ये भी पढ़े- Drishyam 3 का धांसू ट्रेलर, क्या अजय देवगन जीत पाएंगे आखिरी लड़ाई?
टीजर देखकर फैंस हैरान
‘नयी नवेली’ का टीजर सोशल मीडिया पर आते ही तेजी से वायरल हो गया है। इंटरनेट यूज़र्स यामी गौतम के इस नए और साहसिक प्रयोग की जमकर तारीफ कर रहे हैं। कुछ यूज़र्स ने इसकी तुलना ब्लॉकबस्टर हॉरर-कॉमेडी ‘स्त्री’ से की है, वहीं ज्यादातर फैंस का मानना है कि ‘उरी’ और ‘आर्टिकल 370’ के बाद यामी गौतम एक बार फिर बॉक्स ऑफिस पर अपना लोहा मनवाने जा रही हैं।
ये भी पढ़े- ‘Toxic’ के फ्लॉप होने से टूटे सुपरस्टार यश, दोस्त ने बयां किया ‘KGF’ स्टार का हाल





