
रक्षाबंधन पर नहीं होगी बसों की टेंशन! UP रोडवेज ने बनाया 6 दिन का खास प्लान…
UPSRTC: रक्षाबंधन के त्योहार पर यात्रियों की भारी भीड़ को देखते हुए उत्तर प्रदेश परिवहन निगम (UPSRTC) ने 26 से 31 अगस्त तक अतिरिक्त बसें चलाने का फैसला किया है.
Raksha Bandhan 2026: रक्षाबंधन के त्योहार पर उत्तर प्रदेश में यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए उत्तर प्रदेश परिवहन निगम ने विशेष तैयारी शुरू कर दी है। परिवहन निगम की ओर से 26 से 31 अगस्त तक छह दिनों के लिए अतिरिक्त बसों का संचालन किया जाएगा। इसका उद्देश्य त्योहार के दौरान यात्रियों को समय पर अपने गंतव्य तक पहुंचाना और बसों में होने वाली भीड़ को कम करना है।
परिवहन राज्य मंत्री दयाशंकर सिंह ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि रक्षाबंधन के दौरान अधिक से अधिक बसों का संचालन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने बसों और बस स्टेशनों पर यात्रियों की सुविधाओं का विशेष ध्यान रखने के निर्देश भी दिए हैं।
बस स्टेशनों पर मिलेंगी बेहतर सुविधाएं
रक्षाबंधन के दौरान बड़ी संख्या में यात्रियों के बस स्टेशनों पर पहुंचने की संभावना है। इसे देखते हुए परिवहन निगम को साफ-सफाई, स्वच्छ पेयजल और वेटिंग रूम में पर्याप्त रोशनी व पंखों की व्यवस्था दुरुस्त रखने को कहा गया है।
यात्रियों को बसों के संचालन और उपलब्ध सेवाओं की जानकारी आसानी से मिल सके, इसके लिए 24 घंटे चलने वाला कंट्रोल रूम भी बनाया जाएगा। इससे यात्रियों को बसों से जुड़ी जानकारी और जरूरत पड़ने पर सहायता मिल सकेगी।
दिल्ली से पूर्वी यूपी तक बढ़ेगा बसों का संचालन
परिवहन निगम के एमडी प्रभु एन. सिंह ने क्षेत्रीय और सहायक क्षेत्रीय प्रबंधकों को रक्षाबंधन के दौरान बस संचालन बढ़ाने के निर्देश दिए हैं। खासतौर पर दिल्ली से मुरादाबाद और बरेली होते हुए पूर्वी उत्तर प्रदेश जाने वाले मार्गों पर बस सेवाओं में बढ़ोतरी की जाएगी।
इसके अलावा दिल्ली से अलीगढ़ और कानपुर होते हुए पूर्वी उत्तर प्रदेश जाने वाले यात्रियों के लिए भी अतिरिक्त बसों का संचालन बढ़ाया जाएगा। पश्चिमी क्षेत्रों की ओर जाने वाली बसों में यदि यात्री लोड 60 प्रतिशत से अधिक रहता है तो जरूरत के अनुसार अतिरिक्त सेवाएं भी संचालित की जा सकेंगी।
यह भी पढ़ें…
‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ के तहत 91वीं वाहिनी में पौधरोपण, पर्यावरण संरक्षण का लिया संकल्प
कर्मचारियों की छुट्टियों पर रहेगी रोक
त्योहार के दौरान बसों का संचालन प्रभावित न हो, इसके लिए परिवहन निगम ने कर्मचारियों की ड्यूटी को लेकर भी दिशा-निर्देश जारी किए हैं। बस संचालन से जुड़े अधिकारी, पर्यवेक्षक, चालक, परिचालक और अन्य कर्मचारियों को सामान्य परिस्थितियों में अवकाश, साप्ताहिक विश्राम या डीडीआर स्वीकृत नहीं किया जाएगा।
हालांकि, परिवार में मृत्यु या कर्मचारी के स्वयं बीमार होने जैसी अति विशेष परिस्थितियों को इससे बाहर रखा गया है।
यह भी पढ़ें…
हेड कांस्टेबल परीक्षा में नकल के आरोप, हाईकोर्ट में रिजल्ट पेश; दोबारा परीक्षा की मांग…
सभी डिपो में तैयार होगा ड्यूटी रोस्टर
रक्षाबंधन के दौरान बस सेवाओं को व्यवस्थित बनाए रखने के लिए सभी डिपो में कर्मचारियों का ड्यूटी रोस्टर तैयार कर नोटिस बोर्ड पर लगाया जाएगा। इससे कर्मचारियों की ड्यूटी पहले से तय रहेगी और अतिरिक्त बस सेवाओं के संचालन में किसी तरह की परेशानी नहीं आएगी।
परिवहन निगम की इस तैयारी से रक्षाबंधन पर दिल्ली और उत्तर प्रदेश के विभिन्न शहरों के बीच यात्रा करने वाले यात्रियों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। खासकर त्योहार के समय घर जाने वाले यात्रियों के लिए अतिरिक्त बसों की उपलब्धता से भीड़ कम करने और यात्रा को सुगम बनाने में मदद मिलेगी।
यह भी पढ़ें…





