
देश को नोएडा से मिलेगी नई उड़ान, PM मोदी करेंगे जेवर एयरपोर्ट का उद्घाटन
Jewar Airport Inauguration: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज दोपहर नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का उद्घाटन करेंगे और जनसभा को संबोधित करेंगे. उद्घाटन के दौरान सुरक्षा कड़ी की गई है.
Jewar Airport Inauguration: जेवर इंटरनेशनल एयरपोर्ट का आज उद्घाटन हो रहा है. पीएम मोदी इस अत्याधुनिक एयरपोर्ट का शुभारंभ करेंगे.नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जनसभा में शामिल होने के लिए बड़ी संख्या में लोगों के आने का सिलसिला जारी है. बस और प्राइवेट वाहनों में सवार होकर लोग एयरपोर्ट कैंपस पहुंच रहे हैं. इसके अलावा बीजेपी कार्यकर्ता भी बड़ी संख्या में एयरपोर्ट कैंपस पहुंच रहे हैं. बता दें कि प्रधानमंत्री लगभग 11:30 बजे एयरपोर्ट पहुंचेंगे और एयरपोर्ट का लोकार्पण करने के बाद जनसभा को संबोधित करेंगे.
पीएम मोदी का कार्यक्रम
प्रधानमंत्री सुबह करीब 11:30 बजे गौतम बुद्ध नगर के जेवर स्थित एयरपोर्ट पहुंचेंगे। वहां टर्मिनल भवन का निरीक्षण करने के बाद दोपहर 12 बजे पहले चरण का औपचारिक उद्घाटन करेंगे। उद्घाटन समारोह के बाद वे जनसभा को संबोधित करेंगे। इस एयरपोर्ट की यात्री संभालने की क्षमता हर साल 12 मिलियन होगी. एयरपोर्ट में एक मल्टी-मॉडल कार्गो हब, एक इंटीग्रेटेड कार्गो टर्मिनल और लॉजिस्टिक्स जोन है.
एशिया का सबसे बड़ा ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट
नोएडा अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डा सार्वजनिक-निजी भागीदारी (PPP) मॉडल पर 11,200 करोड़ रुपये के निवेश से विकसित किया गया है। यह भारत की सबसे बड़ी ग्रीनफील्ड हवाई अड्डा परियोजनाओं में शामिल है।
एयरपोर्ट की प्रमुख खासियतें
- यात्री क्षमता: शुरू में 12 मिलियन यात्री प्रति वर्ष (MPPA), जो आगे बढ़कर 70 MPPA तक हो जाएगी।
- रनवे: 3,900 मीटर लंबा रनवे, जो बड़े विमानों (कोड-E) का संचालन कर सकेगा।
- नेविगेशन सिस्टम: इंस्ट्रूमेंट लैंडिंग सिस्टम (ILS) और उन्नत एयरफील्ड लाइटिंग के साथ 24 घंटे हर मौसम में उड़ान संचालन संभव।
- कार्गो हब: मल्टी-मोडल कार्गो सुविधा, शुरू में 2.5 लाख मीट्रिक टन माल ढुलाई क्षमता, जिसे बढ़ाकर 18 लाख मीट्रिक टन तक किया जा सकता है।
- बहु-मोडल कनेक्टिविटी: यमुना एक्सप्रेसवे पर स्थित एयरपोर्ट को सड़क, रेल, मेट्रो और क्षेत्रीय परिवहन से पूरी तरह जोड़ा गया है।
- पर्यावरण अनुकूल: शून्य उत्सर्जन वाली सुविधा, ऊर्जा-कुशल प्रणालियां और भारतीय विरासत से प्रेरित वास्तुकला (घाटों व हवेलियों की याद दिलाने वाला डिजाइन)।
NCR के लिए गेम-चेंजरयह एयरपोर्ट दिल्ली एयरपोर्ट की भीड़ को कम करने के साथ-साथ उत्तर प्रदेश और पूरे NCR के आर्थिक विकास को नई गति देगा। पहले चरण में घरेलू और अंतरराष्ट्रीय दोनों उड़ानों की शुरुआत होने की उम्मीद है। यह उद्घाटन न केवल उत्तर प्रदेश बल्कि पूरे देश के लिए हवाई अड्डा बुनियादी ढांचे में एक बड़ी छलांग साबित होगा। प्रधानमंत्री मोदी के हाथों उद्घाटन के बाद जेवर एयरपोर्ट औपचारिक रूप से उड़ान भरने को तैयार हो जाएगा।





