यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो में आकर्षण का केंद्र होंगी नोएडा की इंडस्ट्रीज, कारोबारियों की सूची तैयार

UP International Trade Show: ग्रेटर नोएडा के इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट में होने वाले यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। इस बार कार्यक्रम में नोएडा प्राधिकरण की विशेष भागीदारी रहने वाली है।

जानकारी के मुताबिक, नोएडा की इंडस्ट्रीज के लिए 1000 वर्ग मीटर क्षेत्र आरक्षित किया गया है, जहां लगभग 15 कारोबारियों के स्टॉल लगाए जाएंगे। इन स्टॉल्स के जरिए नोएडा की औद्योगिक क्षमता, निर्यात योग्य उत्पाद और निवेश की संभावनाओं को प्रदर्शित किया जाएगा।

नोएडा प्राधिकरण के एसीईओ संजय खत्री ने बताया कि कारोबारियों की सूची फाइनल हो चुकी है और वे अपने-अपने उत्पादों को अंतरराष्ट्रीय मंच पर प्रदर्शित करेंगे। खासतौर पर विदेशी खरीदारों से ऑर्डर हासिल करने पर जोर दिया जाएगा, जिससे नोएडा की इंडस्ट्रीज के निर्यात को बढ़ावा मिल सके।

खत्री ने कहा कि नोएडा पहले से ही निर्यात के क्षेत्र में एक मजबूत पहचान रखता है और यहां से कई एक्सपोर्ट कंपनियां संचालित हो रही हैं। ऐसे में यह ट्रेड शो स्थानीय कारोबारियों के लिए बेहद लाभकारी साबित होगा। इस दौरान नोएडा प्राधिकरण का भी एक स्टॉल लगाया जाएगा, जिसमें शहर के विकास और निवेशकों को दी जाने वाली सहूलियतों की जानकारी दी जाएगी।

यह भी पढ़ें…

Lucknow Crime: सौतेले पिता ने किया 2 बेटियों का रेप, मां चुप… बहनों ने बुलाई पुलिस

इसके अलावा ग्रेटर नोएडा और यमुना प्राधिकरण को भी इस शो में क्षेत्र आवंटित किया गया है। हाल ही में नोएडा प्राधिकरण में अधिकारियों की एक बैठक हुई, जिसमें तैयारियों की समीक्षा की गई और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

कैबिनेट मंत्री राकेश सचान ने भी तैयारियों का जायजा लिया और कहा कि इस ट्रेड शो के जरिए उत्तर प्रदेश को वैश्विक मंच पर नई पहचान मिलेगी। विशेष रूप से आत्मनिर्भर भारत अभियान के तहत तैयार किए जा रहे उत्पाद आयोजन का मुख्य आकर्षण होंगे।

यह भी पढ़ें…

Ayodhya में सातवां भव्य रामलीला महोत्सव, बॉलीवुड सितारे निभाएंगे रामायण के किरदार

आयोजकों का अनुमान है कि इस बार ट्रेड शो में साढ़े चार लाख से अधिक लोगों की भागीदारी होगी। इनमें देशी-विदेशी निवेशक और वेंडर शामिल होंगे। कारोबारियों का मानना है कि यह आयोजन उन्हें अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपने उत्पादों को प्रमोट करने और बड़े ऑर्डर हासिल करने का बेहतरीन अवसर देगा।

यह भी पढ़ें…

योगी सरकार ने शुरू की स्मार्ट नगर पालिका योजना, मिलेगा 4 से 10 करोड़ का अनुदान

Back to top button