
गांधी जयंती पर केशव मौर्य ने किया बापू को नमन, कहा- उनका जीवन आज भी प्रेरणा का स्रोत
**डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने गांधी जी के सत्य-अहिंसा के सिद्धांतों को अपनाने और शास्त्री जी के आदर्शों से प्रेरणा लेने का किया आह्वान**
Lucknow: उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर देश और प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि गांधी जी के विचार और उनका जीवन दर्शन आज भी प्रासंगिक हैं और समाज को उनके जीवन से प्रेरणा लेकर उनके आदर्शों को आत्मसात करना चाहिए।
गांधी जयंती की पूर्व संध्या पर जारी अपने संदेश में उप मुख्यमंत्री ने कहा कि महात्मा गांधी का पूरा जीवन ही एक संदेश है। वह आज भी लोगों के दिलों में जीवित हैं। गांधी जी की सोच, उनके कार्य और सत्य एवं अहिंसा के सिद्धांत पूरी मानवता के लिए प्रेरणा का स्रोत हैं।
गांधी जी के आदर्शों से प्रेरणा लेने का आह्वान
केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि गांधी जी ने सत्य और अहिंसा को अपना हथियार बनाया और उनके आदर्श आज भी देश को दिशा देने का काम करते हैं। उन्होंने कहा कि गांधी जी महान सोच वाले साधारण व्यक्ति थे, जिनका जीवन समाज और राष्ट्र के लिए प्रेरणादायी रहा है।
उन्होंने कहा कि बापू के आदर्श समृद्ध भारत के निर्माण का मार्गदर्शन करते रहेंगे। उन्होंने देशवासियों से गांधी जी के बताए मार्ग पर चलने और राष्ट्र के कल्याण एवं प्रगति के लिए समर्पित रहने का आह्वान किया।
आत्मनिर्भर और विकसित भारत का संकल्प
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी को गांधी जी के आदर्शों का अनुसरण करते हुए राष्ट्रहित में कार्य करने का संकल्प लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि गांधी जी के रास्ते पर चलते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आत्मनिर्भर भारत और विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने के लिए सभी को योगदान देना चाहिए।
लाल बहादुर शास्त्री को भी किया नमन
केशव प्रसाद मौर्य ने पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर भी प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने शास्त्री जी के सादगीपूर्ण जीवन, राष्ट्रसेवा और देश के प्रति समर्पण को याद करते हुए उन्हें नमन किया।





