सिक्किम में भारी भूस्खलन, 20 से अधिक मकान बहे

अर्नब चक्रवात की चपेट में ओडिशा

Gangtok Sikkim: सिक्किम के ग्यालशिंग जिले के रिंबी गांव में गुरुवार रात हुए भीषण भूस्खलन (Landslide) में 20 से अधिक रिहायशी मकान और सरकारी क्वार्टर बह गए। गनीमत यह रही कि समय रहते सतर्कता बरतने के कारण अब तक किसी जनहानि की सूचना नहीं है।
दूसरी ओर, बंगाल की खाड़ी से उठा ‘अर्नब’ चक्रवात भले ही कमजोर पड़ चुका हो, लेकिन इसके प्रभाव से ओडिशा और आसपास के राज्यों में मूसलाधार बारिश और अचानक बाढ़ (Flash Floods) का गंभीर खतरा बना हुआ है। चक्रवात और मानसून तंत्र के कारण देश के 9 राज्य सीधे तौर पर प्रभावित हुए हैं। निचले इलाकों से 10 हजार लोग सुरक्षित स्थानों पर भेजे गए।
चक्रवात के असर से ओडिशा के दक्षिणी और पश्चिमी जिलों में रिकॉर्ड बारिश दर्ज की गई है। भूस्खलन और नदियों के उफान को देखते हुए राज्य प्रशासन ने मुस्तैदी दिखाते हुए संवेदनशील क्षेत्रों में रहने वाले 10,000 से अधिक लोगों को सुरक्षित निकालकर 200 राहत शिविरों में स्थानांतरित किया है।
मौसम विभाग (IMD) ने अगले 24 घंटों के दौरान छत्तीसगढ़, तटीय आंध्र प्रदेश, ओडिशा और तेलंगाना में 50 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और अत्यधिक भारी बारिश की चेतावनी जारी की है।

सिक्किम और ओडिशा में राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (NDRF) और राज्य आपदा मोचन बल (SDRF) की टीमों को तैनात किया गया है। भूस्खलन प्रभावित क्षेत्रों में मलबे को हटाने और अवरुद्ध मार्गों को खोलने का काम युद्धस्तर पर जारी है। संबंधित राज्य सरकारों ने जिला कलेक्टरों और पुलिस अधीक्षकों को किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश दिए हैं।

Back to top button