FATF की बैठक से पहले पाकिस्तान का नाटक, आतंकी मसूद अजहर पर इनाम बढ़ाया

Masood Azhar: फाइनेंशियल एक्शन टास्क फोर्स (FATF) की आगामी बैठक से पहले पाकिस्तान ने दुनिया की आंखों में धूल झोंकने के लिए एक नया पैंतरा चला है। पाकिस्तान की संघीय जांच एजेंसी (FIA) ने अपनी मोस्ट वांटेड आतंकियों की सूची (रेड बुक) अपडेट करते हुए जैश-ए-मोहम्मद के सरगना मौलाना मसूद अजहर पर 70 लाख पाकिस्तानी रुपये के इनाम की घोषणा की है।

साल 2021 में एफआईए ने मसूद अजहर पर 50 लाख रुपये का इनाम रखा था, जिसे अब बढ़ाकर 70 लाख रुपये कर दिया गया है। पाकिस्तान लंबे समय से यह दावा करता आ रहा है कि मसूद अजहर देश में मौजूद नहीं है और वह अफगानिस्तान भाग गया है।

हालांकि, भारतीय खुफिया एजेंसियों की रिपोर्ट के मुताबिक, मसूद अजहर पाकिस्तान के सिंध प्रांत स्थित नवाबशाह शहर में ही छिपा हुआ है। एफएटीएफ की ग्रे लिस्ट में फिर से शामिल होने के डर से पाकिस्तान हर बार की तरह इस तरह के दिखावटी कदम उठा रहा है।

दोषियों को बचाने का खेल

एफआईए की नई मोस्ट वांटेड लिस्ट में 26/11 मुंबई आतंकी हमले में शामिल 19 आतंकियों के नाम भी दर्ज किए गए हैं। हालांकि, पाकिस्तान की यह सूची भी विवादों के घेरे में है।

पाकिस्तान ने दो प्रमुख आतंकियों मोहम्मद खान और अब्दुल रहमानकी तस्वीरें और लश्कर-ए-तैयबा से उनके संबंधों का विवरण सूची से हटा दिया है। भारतीय एजेंसियों का मानना है कि पाकिस्तान इन आतंकियों को सुरक्षा प्रदान कर रहा है और सूची में नाम डालना महज एक औपचारिकता है।

Back to top button