
ओम बिरला NDA के उम्मीदवार, विपक्ष ने दिया के सुरेश का नाम..कौन होगा लोकसभा स्पीकर?
Lok Sabha Session 2024: 18वीं लोकसभा के पहले सत्र का मंगलवार (25 जून) को दूसरा दिन है। आज राहुल गांधी, अखिलेश यादव समेत 281 सांसद शपथ लेंगे। लोकसभा स्पीकर के नाम पर भी सहमति बन चुकी है। पिछली बार स्पीकर रहे भाजपा सांसद ओम बिरला दोबारा इस पद पर बैठेंगे। वे आज ही नामांकन दाखिल करेंगे।
राजस्थान के कोटा से सांसद ओम बिरला 2019 से 2024 तक स्पीकर रह चुके हैं। वे भाजपा के पहले ऐसे सांसद होंगे, जो लगातार दूसरी बार लोकसभा स्पीकर का पद संभालेंगे। अगर वे अपना कार्यकाल पूरा कर लेते हैं तो कांग्रेस के बलराम जाखड़ के रिकॉर्ड की बराबरी कर लेंगे।
दरअसल, बलराम जाखड़ 1980 से 1985 और 1985 से 1989 तक लगातार दो बार लोकसभा अध्यक्ष रह चुके हैं। उन्होंने अपने दोनों कार्यकाल पूरे किए थे। इनके अलावा जीएमसी बालयोगी और पीए संगमा जैसे नेता दो बार लोकसभा अध्यक्ष तो बने, लेकिन 5-5 साल के कार्यकाल पूरे नहीं कर पाए।
इससे पहले स्पीकर के नाम पर सहमति के लिए NDA की ओर से रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कमान संभाली। राजनाथ ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, सपा प्रमुख अखिलेश यादव, DMK प्रमुख एमके स्टालिन और TMC चीफ ममता बनर्जी से बात की।
सूत्रों के मुताबिक, कांग्रेस अध्यक्ष खड़गे ने राजनाथ से नियम के मुताबिक, डिप्टी स्पीकर का पद विपक्ष को देने की शर्त रखी है। कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने कहा- अगर विपक्ष को उपसभापति का पद दिया जाता है तो हम लोकसभा अध्यक्ष के चयन पर सरकार का समर्थन करेंगे। राजनाथ सिंह ने उपसभापति पद के लिए विपक्ष की मांग पर अभी तक कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है।
सरकार और विपक्ष के बीच स्पीकर पर सहमति नहीं बन पाई है. NDA के बाद INDIA ने भी स्पीकर पद के लिए अपना उम्मीदवार उतार दिया है. विपक्ष ने के सुरेश को स्पीकर पद के लिए INDIA का उम्मीदवार बनाया है. वहीं बीजेपी ने एक बार फिर इस पद के लिए ओम बिरला का नाम आगे किया है. एनडीए उम्मीदवार ओम बिरला ने अपने स्पीकर पद के लिए नामांकन कर दिया है.
कांग्रेस सांसद के सुरेश ने 18वीं लोकसभा के अध्यक्ष पद के लिए अपना नामांकन दाखिल किया।
— ANI_HindiNews (@AHindinews) June 25, 2024
एनडीए ने अध्यक्ष पद के लिए भाजपा सांसद ओम बिरला को मैदान में उतारा है।
(सोर्स: कांग्रेस) pic.twitter.com/csearNePW3
संसद में सांसदों का दिखा निराला अंदाज
देश के अलग-अलग हिस्से से चुनकर आने वाले सांसदों ने हिंदी, अंग्रेजी और संस्कृत के साथ-साथ अपनी मातृभाषा में शपथ ग्रहण की. पहले दिन 16 सांसदों ने संस्कृत में पद की शपथ ली, जिसमें दिवंगत विदेश मंत्री सुषमा स्वराज की बेटी, बांसुरी स्वराज भी शामिल रहीं.
बिहार के दरभंगा और मधुबनी से आने वाले सांसदों ने सिर पर पाग बांधकर मैथिली भाषा में शपथ ली. वहीं, दक्षिण के कई सांसदों ने स्थानीय वेशभूषा में सदस्यता की शपथ ली. संसद में बुधवार को नए लोकसभा अध्यक्ष के चुनाव के बाद गुरुवार को राष्ट्रपति दोनों सदनों की संयुक्त बैठक को संबोधित करेंगी. विपक्ष ने प्रोटेम अध्यक्ष की नियुक्ति के अलावा नीट-यूजी पेपर लीक और दूसरे प्रतियोगी परीक्षाओं के स्थगित होने के मामले में सरकार को घेरने की रणनीति बनाई है, जिससे सदन में हंगामे के आसार हैं.





