गया से भी आठ गुना फलदायी है बदरीनाथ का ब्रह्मकपाल, यहां पिंडदान से मिलती है मुक्ति

Brahmkapal Tirtha: हिंदू धर्म में पितृपक्ष और तर्पण का विशेष स्थान है। वैसे तो पिंडदान के लिए बिहार के गयाजी को सबसे प्रमुख तीर्थ माना जाता है, लेकिन उत्तराखंड के बदरीनाथ धाम के पास स्थित एक ऐसा पौराणिक स्थान भी है, जिसके बारे में शास्त्रों में गया से भी आठ गुना अधिक फलदायी बताया गया है।

इस पवित्र स्थल का नाम ब्रह्मकपाल तीर्थ है। अलकनंदा नदी के तट पर स्थित इस स्थान को लेकर मान्यता है कि यहाँ पिंडदान और श्राद्ध कर्म करने से पितरों की आत्मा को नरकलोक और प्रेत योनि से हमेशा के लिए मुक्ति मिल जाती है।

भगवान शिव को मिला पाप से छुटकारा

पौराणिक कथाओं और स्कंद पुराण के अनुसार, सृष्टि की रचना के शुरुआती दौर में ब्रह्मा जी अपने द्वारा उत्पन्न कन्या के रूप पर मोहित हो गए थे। इस कृत्य से कुपित होकर भगवान भोलेनाथ ने अपने त्रिशूल से ब्रह्मा जी के पांचवें सिर को काट दिया था। इस घटना के बाद शिवजी पर ‘ब्रह्म हत्या’ का पाप लग गया और ब्रह्मा जी का कटा हुआ सिर उनके हाथ से चिपक गया।

ब्रह्म हत्या के इस अभिशाप से मुक्ति पाने के लिए शिवजी ने पूरी पृथ्वी लोक का भ्रमण किया, लेकिन उन्हें कहीं भी इस पाप से छुटकारा नहीं मिला। भटकते-भटकते जब भोलेनाथ बदरीनाथ पहुँचे और ब्रह्मकपाल शिला पर पहुंचे, तो उनके हाथ से ब्रह्मा जी का कटा हुआ सिर जमीन पर गिर गया और उन्हें ब्रह्म हत्या के पाप से हमेशा के लिए मुक्ति मिल गई। तभी से यह पावन स्थल ‘ब्रह्मकपाल’ के नाम से प्रसिद्ध हो गया। इसी शिला के ठीक नीचे ब्रह्मकुण्ड है, जहाँ ब्रह्मा जी ने तपस्या की थी।

पांडवों ने भी किया था यहां पितरों का श्राद्ध

शास्त्रों में वर्णन मिलता है कि महाभारत के भीषण युद्ध की समाप्ति के बाद भगवान श्रीकृष्ण ने पांडवों को ब्रह्मकपाल जाकर युद्ध में मारे गए सभी परिजनों और अपने पितरों का श्राद्ध करने का निर्देश दिया था। भगवान श्रीकृष्ण की आज्ञा का पालन करते हुए पांडव बदरीनाथ धाम पहुंचे और इसी ब्रह्मकपाल तीर्थ पर अपने पितरों का पिंडदान व तर्पण किया था।

अकाल मृत्यु से भटकी आत्माओं को मिलती है शांति

ब्रह्मकपाल तीर्थ के विषय में मान्यता है कि जिस व्यक्ति की अकाल मृत्यु (दुर्घटना, आत्महत्या या गंभीर बीमारी से अचानक मौत) हो जाती है, उसकी भटकती हुई आत्मा को इस स्थान पर श्राद्ध कर्म करने से तत्काल शांति और मुक्ति मिल जाती है। यहाँ पिंडदान करने वाले जातक के कई पीढ़ियों के पितर तर जाते हैं और उन्हें भगवान विष्णु के परमधाम में स्थान प्राप्त होता है।

सनातन परंपरा के अनुसार, माता-पिता के रज-वीर्य से शरीर का निर्माण होता है, माता के दूध और पिता के अन्न से पालन-पोषण होता है तथा शिक्षा-दीक्षा व विवाह का ऋण परिवार की पीढ़ियों से जुड़ा रहता है। इस शाश्वत पितृऋण से मुक्ति पाने और अपने पूर्वजों की सद्गति के लिए ब्रह्मकपाल पर विधि-विधान से पिंडदान और तर्पण करना अत्यंत पुण्यदायी माना गया है।

Back to top button