मुनव्वर राना के खिलाफ FIR दर्ज, महर्षि वाल्मीकि से की थी तालिबान की तुलना

munawwar rana

लखनऊ। मशहूर शायर मुनव्वर राना के खिलाफ लखनऊ के हजरतगंज थाने में केस दर्ज किया गया है। शायर पर धार्मिक भावनाएं आहत करने के आरोप में FIR दर्ज की गई है। शिकायतकर्ता ने बताया कि मुनव्वर राना ने तालिबान की तुलना महर्षि वाल्मीकि से की है।

शिकायत मिलने के बाद धार्मिक भावनाओं को भड़काने को लेकर राना के खिलाफ केस दर्ज हुआ है। मुनव्वर राना के बयान पर देश के वाल्मीकि समाज ने कड़ी नाराजगी जाहिर की है। वाल्मीकि समाज के लोगों ने मुनव्वर राना पर हिंदुओं की आस्था के साथ खिलवाड़ का आरोप लगाया है।

वाल्मीकि समाज के नेता पीएल भारती ने मुनव्वर राना के खिलाफ लखनऊ के थाना हजरतगंज में तहरीर दी है। उनके खिलाफ धार्मिक आस्था पर हमला व अनुसूचित जाति अत्याचार निवारण के तहत तहरीर दी गई है।

उन्होंने कहा है कि भगवान वाल्मीकि की तुलना तालिबान से कर देश के करोड़ों दलितों का अपमान किया है और हिन्दू आस्था को चोट पहुंचाई है।

क्या कहा था मुनव्वर राना ने

दरअसल मुनव्वर राना ने एक निजी चैनल से बात करते हुए पूछे गए सवाल पर कि तालिबान आतंकी संगठन है या नहीं, कहा था कि तालिबान उतने ही आतंकी हैं, जितने रामायण लिखने वाले वाल्मीकि हैं।

शायर ने कहा था कि अगर वाल्‍मीकि रामायण लिखते हैं तो वह देवता हो जाते हैं, उससे पहले वह डाकू थे। आदमी का किरदार बदलता रहता है।

तालिबान के अफगानिस्तान पर कब्जे का किया था समर्थन

इससे पहले भी मुनव्वर राना ने तालिबान के अफगानिस्तान पर कब्जे का समर्थन करते हुए कहा था कि तालिबान अपने देश को आजाद कराने में आखिर सफलता हासिल की है।

उन्होंने कहा था कि तालिबान आतंकी संगठन हो सकता है, वह अपने मुल्क के लिए लड़ रहे हैं तो आप उन्हें आतंकी कैसे कह सकते हैं।

Back to top button