PM Modi in Bhopal: BJP का भोपाल में महाकुम्भ आज, 10 लाख कार्यकर्ताओं का जमावड़ा
पीएम नरेंद्र मोदी सोमवार को भोपाल प्रवास पर रहेंगे। उनके स्वागत के लिए पूरे शहर में जबर्दस्त तैयारियां की गईं हैं। पीएम जंबूरी मैदान में आयोजित भाजपा के कार्यकर्ता महाकुंभ में करीब 10 लाख भाजपा कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दौरे को देखते हुए आम लोगों के लिए आज भोपाल का यातायात प्लान बदला गया है। इधर भाजपा कार्यकर्ताओं के स्वागत के लिए जंबूरी मैदान तैयार है, यहां सुबह से ही लोगों का जमावड़ा लगना शुरु हो चुका है। ड्रोन से सभास्थल की निगरानी की जा रही है।
जंबूरी मैदान और आसपास की 22 किमी की सड़कें चकाचक कर दी गई हैं। वैकल्पिक रास्तों के भी गड्ढे भर दिए गए हैं। सभास्थल जंबूरी मैदान के आसपास रंग रोगन किया गया है। यहां सुरक्षा की कड़ी व्यवस्था की गई है।
शहर की सड़कें पूरी तरह से बीजेपी के होर्डिंग से पटी हैं।
कार्यक्रम स्थल में पांच बड़े-बड़े डोम बनाए गए हैं। सभी डोम में कुल पांच लाख कुर्सियां लगाई गई हैं। यहां 10 लाख से अधिक की भीड़ को नियंत्रित करने की व्यवस्था है। सुरक्षा के तगड़े इंतजाम हैं। मैदान में बड़े-बड़े स्क्रीन लगाए गए हैं।

सिर्फ चार नेताओं के बड़े-बड़े कटआउट
जंबूरी मैदान के आसपास का क्षेत्र होर्डिंग से पटा है लेकिन यहां स्थानीय नेताओं को जगह नहीं मिली है। कार्यक्रम स्थल पर सिर्फ चार नेताओं के बड़े-बड़े कटआउट लगे हैं। इनमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, सीएम शिवराज सिंह चौहान और प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा की ही तस्वीरें हैं।
एमपी में भाजपा सरकार के 30 साल पूरे: PM
एमपी में भाजपा सरकार को 30 साल पूरे हो गए हैं। जो युवा पहली बार वोट डालेंगे उन्होंने सिर्फ भाजपा सरकार को ही देखा है वे युवा सौभाग्य शाली है कि उन्होंने कांग्रेस का बुरा शासन नहीं देखा। कांग्रेस के शासन की पहचान थी। कुनीति, कुशासन और करोड़ों का करप्शन। पीएम मोदी ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि यहां के युवाओं ने अंधेरे में जीने को मजबूर गांव और शहर नहीं देखे। अपने हर कार्यकाल में भाजपा ने एमपी को नई ऊंचाई पर ले जाने का प्रयास किया है। .यहां के युवाओं ने भाजपा का सुशासन ही देखा है। गेंहू उत्पादक राज्यों में एमपी को अग्रणी राज्य के रूप में देखा है।
देश के दिल का भाजपा से खास नाता है: PM
एमपी को देश का दिल कहते हैं। भाजपा के साथ देश के इस दिल का जुड़ाव विशेष रहा है। मध्यप्रदेश से निकले अनेक महान व्यक्तित्व ने हमें आज यहां तक पहुंचाया है। ऐसे अनेकों लोगों का तप और त्याग आज भी भाजपा के हर कार्यकर्ता को प्रेरित करता है। इसलिए एमपी सिर्फ भाजपा के विचार का नहीं बल्कि विकास के विजन का महत्वपूर्ण केंद्र है।