बिहार में लालटेन की लौ जलाना चाहते हैं घमंडिया गठबंधन, पीएम मोदी का जमुई से चुनावी शंखनाद

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज से बिहार में चुनावी शंखनाद कर दिया। उन्होंने जमुई में जनसभा को संबोधित किया। उनके साथ सीएम नीतीश कुमार और चिराग पासवान भी मौजूद हैं। पीएम मोदी ने लोगों का अभिवादन किया साथ ही राजद और कांग्रेस पर जमकर हमला बोला।

इमेज क्रेडिट: सोशल मीडिया

PM Modi in Jamui : आज बिहार के जुमई (Jamui) में चुनावी प्रचार-प्रसार करने पहुंचे. वहां पीएम मोदी ने रैली को संबोधित करते हुए कहा कि आज का भारत दुश्मन के घर में घुसकर मारता है. कांग्रेस के राज में भारत को गरीब और कमजोर देश माना जाता था. छोटे-छोटे देश जो आज आटे के लिए तरस रहे हैं उनके आतंकी हम पर हमला करके चले जाते थे और तब की कांग्रेस दूसरे देशों के पास शिकायत लेकर जाती थी. पीएम मोदी ने कहा ऐसे नहीं चलेगा…आज का भारत घर में घुसकर मारता है…आज का भारत दुनिया को दिशा दिखाता है.

राजद और कांग्रेस ने खराब किया बिहार का नाम
पीएम मोदी ने कहा कि आजादी के बाद बिहार को न्याय नहीं मिल पाया है। एनडीए सरकार ने बिहार को दलदल से बाहर निकाला है। नीतीश बाबू की इसमें बड़ी भूमिका रही है। 2024 का चुनाव बिहार और भारत के भविष्य के लिए काफी निर्णायक है। आज एक ओर कांग्रेस और राजद जैसी पार्टियां हैं, जिन्होंने अपनी सरकार के समय पूरी दुनिया में देश का नाम खराब किया। वहीं एनडीए की सरकार का संकल्प है विकसित भारत का निर्माण। खुशहाल बिहार का निर्माण। आप याद कीजिए कि 10 साल पहले देश में भारत को लेकर क्या राय थी। छोटे-छोटे देश जो आंटे के लिए तरस रहे थे, उनके आंतकी देश में अशांति फैलाते थे। कांग्रेस गुहार लगाती रहती थी। एनडीए सरकार जब आई तो कहा कि यह चंद्रगुप्त और अशोक का भारत है। हम किसी के सामने घुटने नहीं टेका। आज भारत दुनिया का पांचवा अर्थव्यवस्था बन चुका है। भारत जब जी 20 की मीटिंग करता है तो उसकी चर्चा पूरे विश्व में होता है। 10 साल में बिहार की हैसियत बढ़ी। 

रामविलास जी की कमी महसूस हो रही है: पीएम बोले
पीएम नरेंद्र मोदी ने जमुई और बिहार की जनता को प्रणाम किया। उन्होंने कहा कि यह जनसभा नहीं विजयी सभा है। कहा कि बिहार की 40 सीटें एनडीए को आशीर्वाद देने के लिए मैं आप सबको नमन करता हूं। इसलिए पूरा बिहार कह रहा है कि फिर एक बार एनडीए सरकार। मैं जब भी आपके बीच आया हूं आपका प्यार मिला। आज इस मंच से एक कमी महसूस हो रही है कि जब बिहार के बेटे और मेरे मित्र व पद्म विभूषण से सम्मानित राम विलास पासवान जी हमारे बीच नहीं है। मुझे संतुष्टि है कि रामविलास जी के विचारों को मेरे छोटे भाई चिराग पासवान अच्छी तरह से निभा रहे हैं। पीएम मोदी ने लोजपा प्रत्याशी अरुण भारती के लिए वोट मांगा। 

पीएम मोदी यहां आएं जमुई की जनता के लिए गर्व की बात
लोजपा (रा.) प्रमुख चिराग पासवान ने कहा कि एक समय था जब जमुई नक्सल प्रभावित क्षेत्र माना जाता था। आज पीएम मोदी की जनसभाओं से जाना जाता है। चिराग पासवान ने सीएम नीतीश कुमार की भी तारीफ की। जमुई की जनता के लिए गर्व की बात है कि पीएम मोदी यहां आएं। आप सभी से अपील है कि 19 अप्रैल को एनडीए प्रत्याशी अरुण भारती को विजयी बनाएं। 

15 साल तक सत्ता में रहने वालों पर CM नीतीश ने उठाया सवाल
सीएम नीतीश कुमार ने कहा कि जननायक कर्पूरी ठाकुर को आपने भारत रत्न दे दिया। इसके लिए हमलोग लगातार मांग कर रहे थे। मैं आपका स्वागत करता हूं। 2005 से पहले शाम में कोई घर से बाहर नहीं निकल पाता था। आज वह लोग बहुत बातें कर रहे हैं। 15 साल तक उनलोगों को मौका मिला लेकिन क्या किया। 2005 के बाद हमलोग आए तो शाम और रात में लड़का और लड़की घर से बाहर निकालते हैं। तेजस्वी पर निशाना साधते हुए कहा कि हमलोगों के काम को अपना काम बता रहा है। हम कुछ दिन के लिए साथ क्या गए सारे काम को अपना बताने लगा। अब हम हमेशा के लिए इधर (एनडीए) आ गए हैं। सीएम नीतीश कुमार ने कहा कि हमलोगों ने कितना काम किया। 2005 से पहले हिन्दू-मुस्लिम का झगड़ा होता था। मुस्लिम समुदाय से अपील है कि भूलियेगा मत। हमलोग झगड़ा नहीं होने देंगे। फिर उनलोगों को वोट दीजिएगा तो झगड़ा शुरू करवा देगा। विपक्ष के झांसे में नहीं आना है। नीतीश कुमार ने सात निश्चय समेत कई योजनाओं का जिक्र कर बिहार सरकार की उपलब्धियां गिनाई। उन्होंने कहा कि पहले भी आठ लाख नौकरी दिए थे। अब 10 लाख रोजगार देने के वादे पर काम कर रहे हैं। 

बिहार और देश को बहुत आगे लेकर जाना है: पीएम मोदी

पीएम मोदी ने कहा कि 10 साल में जो हुआ वह तो ट्रेलर है, अभी तो बहुत काम करना है। बिहार और देश को बहुत आगे लेकर जाना है। यह मोदी गरीबी के ताप को सहकर यहां तक पहुंचा है। इसलिए हर गरीबी का दर्द मोदी जानता और महसूस करता है। यह मोदी की गारंटी है कि आपका सपना ही मेरा संकल्प है। इसलिए केंद्र सरकार ने गरीब कल्याण सर्वोच्च प्राथमिकता दी। बिहार के गरीबों को 37 लाख पक्के मकान मिले हैं। नौ करोड़ लोगों को मुफ्त राशन मिला है। और, मोदी की गारंटी है आगे पांच साल तक मिलता रहेगा।

अपहरण का उद्योग चलाते थे राजद के लोग: पीएम मोदी

पीएम मोदी ने विपक्ष पर हमला बोलते हुए कहा कि मोदी सरकार सोलर पॉवर और एलईडी बल्व की बात करती है। वहीं घमंडिया गठबंधन वाले बिहार में लालटेन की लौ जलाना चाहते हैं। हमलोग बिहार में उद्योग और काराखाना लगा रहे वहीं राजद के लोग अपहरण का उद्योग चलाते थे। हमलोग हाईवे और एक्सप्रेस वे बना रहे हैं जबकि राजद के लोगों ने बिहार में गड्ढे और खाई बनाई। राजद और कांग्रेस ने बिहार और बिहार के गौरव का अपमान किया। इन लोगों ने कर्पूरी ठाकुर का अपमान किया। कुछ समय पहले एनडीए सरकार ने कर्पूरी जी को भारत रत्न दिया तो राजद और कांग्रेस ने विरोध किया। रामनाथ कोविंद और द्रौपदी मुर्मू जी के राष्ट्रपति बनने का भी इनलोगों ने विरोध किया। उन्होंने लोगों से कहा कि आपलोग घर-घर जाकर सबको बताएं कि मोदी जी आए थे और सबको अपना प्रणाम कहा है।

ऐसे तो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 2024 के लोकसभा चुनाव के लिए बिहार में दो-दो बार बड़ी जनसभा को संबोधित करेंगे लेकिन जमुई का यह मैदान बीजेपी के लिए खास माना जाता है. यहीं से पिछले चुनावों में बीजेपी ने विजय की शुरुआत की थी. इस बार भी 2024 के लोकसभा चुनाव का शंखनाद करने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जमुई को ही चुना हैं. बता दें कि सात अप्रैल को पीएम मोदी बिहार के नवादा में विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे.

Back to top button