ललितपुर रेप केस: आरोपी पिता और सपा नेता के भाई सहित 4 गिरफ्तार

ललितपुर रेप केस

ललितपुर (उप्र)। उप्र के ललितपुर में किशोरी के साथ दुष्कर्म मामले में पिता व सपा-बसपा जिलाध्यक्ष समेत 28 लोगों के खिलाफ दर्ज केस में पुलिस कार्रवाई तेज हो गई है। किशोरी के पिता, सपा जिलाध्यक्ष के भाई समेत चार आरोपित गिरफ्तार कर लिए गए हैं।

उनसे पूछताछ की जा रही है। 28 लोगों द्वारा रेप के इस मामले से पूरे बुंदेलखंड में सनसनी है। बुधवार को कोर्ट में किशोरी के 164 के तहत बयान और मेडिकल के बाद पुलिस ने रात में तबड़तोड़ दबिश शुरू कर दी।

डीआईजी ने पीड़िता के घर पर उसे न्याय का दिलाया भरोसा

बुधवार को पुलिस ने सिविल जज जूनियर डिवीजन फास्ट ट्रैक गरिमा सक्सेना की कोर्ट में किशोरी के बयान कराए। डेढ़ घंटे तक बयान हुए। इसके बाद एसपी निखिल पाठक ने आरोपितों को पकड़ने के निर्देश दिए।

कोतवाली पुलिस और एसओजी ने आरोपितों के संभावित ठिकानों पर छापेमारी शुरू की। सबसे पहले पीड़िता का पिता पकड़ा गया। उसके बाद किशोरी के दो अन्य नामजद परिजन और सपा जिलाध्यक्ष का भाई अरविन्द यादव को गिरफ्तार कर लिया।

कई आरोपितो ने अपने फोन बंद कर लिए हैं। कुछ ने राजनीतिक शरण ले ली है। बुधवार शाम डीआईजी जोगिंदर कुमार ने पीड़िता के घर पर उसे सुरक्षा, न्याय का भरोसा दिलाया। उधर शासन ने इस मामले में रिपोर्ट तलब की है। एसपी निखिल पाठक ने कहा कि किशोरी के बयान के आधार पर कार्रवाई की जा रही है।

किशोरी का नाम उजागर करने पर 150 सपाइयों पर पॉक्सो

रेप केस में सपा जिलाध्यक्ष तिलक यादव और उनके भाइयों की नामजदगी का विरोध करने पहुंचे करीब 150 सपा नेता और कार्यकर्ता पॉक्सो एक्ट में फंस गए हैं। दरअसल उन्होंने जो ज्ञापन दिया उसमें रेप का आरोप लगाने वाली किशोरी का नाम लिख कर उसे सार्वजनिक कर दिया।

ज्ञापन देते समय झांसी के सपा जिलाध्यक्ष महेश कश्यप, पूर्व विधायक रमेश कुशवाहा, जिला पंचायत के पूर्व अध्यक्ष शिशुपाल सिंह, पूर्व जिलाध्यक्ष झांसी छत्रपाल सिंह,

सहकारी बैंक के पूर्व जिलाध्यक्ष फूलसिंह नन्ना, पूर्व ब्लॉक प्रमुख यादवेंद्र, पूर्व जिलाध्यक्ष कैलाश सिंह समेत करीब 150 लोग शमिल थे। पुलिस ने ज्ञापन लेकर आए लोगों की फोटो से सूची बना ली है।

बेटे की तहरीर पर अलग मुकदमा होगा

बेटी से रेप करने वाले पिता पर उसके पुत्र की तहरीर पर अलग मुकदमा दर्ज हो रहा है। पुत्र ने पिता पर आरोप लगाया है कि वह उसके साथ भी अप्राकृतिक दुष्कर्म की कोशिश करता था। विरोध पर मां की हत्या की धमकी देता था।

वीडियो क्लिप की चर्चा से हड़कंप

रेप कांड को लेकर तमाम चर्चाएं हैं। कहा जा रहा है कि किशोरी संग दुष्कर्म मामले में पुलिस के हाथ  अहम सुराग लगे हैं। सूत्रों के मुताबिक, पिता ने पुत्री से दुष्कर्म करते लोगों की कई वीडियो क्लिप बनाई थीं। यह वीडियो पुत्री ने अपने पिता के मोबाइल फोन में देखे और अपने फोन में सेव कर लिया।

तहरीर देते समय किशोरी ने ऐसे वीडियो भी पुलिस को सौंपे। हालांकि पुलिस ऐसे वीडियो मिलने से इनकार कर रही है। इन वीडियो क्लिपों की चर्चा से जिलेभर में हड़कंप मचा हुआ है।

Back to top button