
Prayagraj: ससुराल में फंदे से झूलती मिली बेटी, गुस्साए मायके वालों ने सास-ससुर को जिंदा जलाया
UP News: उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में नवविवाहिता की मौत के बाद जमकर हंगामा हुआ। प्रयागराज में बेटी की मौत हुई तो गुस्साए परिजनों ने ससुराल वालों के घर में आग लगा दी। इस आग में सास और ससुर की जिंदा जलकर मौत हो गई है।

घटना बीती रात (18 मार्च) की मुट्ठीगंज इलाके की है कि जब नवविवाहिता आंशिका केसरवानी का शव फंदे से लटका मिला। पुलिस के मुताबिक, धूमनगंज के झलवा की रहने वाली आंशिका की शादी एक साल पहले मुट्ठीगंज के अंशु से हुई थी। परिजनों ने पुलिस को बताया कि शादी के बाद से ही ससुरालीजन आंशिका को प्रताड़ित करते थे। उसे परेशान करते थे। परिजनों ने ससुरालीजनों पर बेटी की हत्या का आरोप लगाया है।
मायके पक्ष के लोगों ने मृतका के ससुराल में बवाल काट दिया। इस दौरान हुई आगजनी में सास-ससुर की मौत हो गई। एक घर से तीन लाशें निकलने पर इलाके में हड़कंप मच गया। मौके पर भारी पुलिस बल मौजूद है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। परिजनों ने ससुरालियों पर दहेज प्रताड़ना का आरोप लगाकर अंशिका की हत्या करने का आरोप लगाया। आरोप है कि इस बीच अंशिका के घर वालों ने ससुराल पक्ष के लोगों को उनके घर मे बंद कर आग लगा दिया। जिसमें दो लोगों (अंशिका के सास-ससुर) की मौत हो गई।
#WATCH प्रयागराज, उत्तर प्रदेश: DCP दीपक भूकर ने बताया, “रात 11 बजे मुट्ठीगंज में एक सूचना प्राप्त हुई की एक महिला ने अपने ससुराल में आत्महत्या कर ली है… आक्रोशित मायके पक्ष द्वारा ससुराल पक्ष के घर में आग लगा दी गई। पुलिस द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए 5 लोगों को बाहर निकाला… https://t.co/MqtVkGtTP1 pic.twitter.com/cAoNLr6QfM
— ANI_HindiNews (@AHindinews) March 19, 2024
पुलिस के मुताबिक क्या है पूरा मामला ?
इस मामले में प्रयागराज के डीसीपी (सिटी) दीपक भूकर ने बताया कि पुलिस को रात 11 बजे कॉल मिली थी कि एक महिला जिसका नाम अंशिका केसरवानी है, उसने आत्महत्या कर ली है। मौके पर मायके और ससुराल पक्ष के दोनों लोग मौजूद थे। इसके बाद पुलिस टीम जब मौके पर पहुंची तो दोनों पक्षों के लोग आपस मे झगड़ा कर रहे थे।
#WATCH उत्तर प्रदेश: प्रयागराज के मुट्ठीगंज क्षेत्र में एक घर में संदिग्ध परिस्थितियों में एक महिला की मौत और आग लगने की घटना सामने आई है। मौके पर फायर टेंडर और पुलिस मौजूद है। अधिक जानकारी की प्रतीक्षा है। pic.twitter.com/yyqSCNJ6PE
— ANI_HindiNews (@AHindinews) March 18, 2024
बताया जा रहा है कि उसी के दौरान मायके पक्ष के द्वारा ससुराल पक्ष के घर में आग लगा दी गई। पुलिस के द्वारा इस घटना में त्वरित कार्यवाही करते हुए 5 लोगों का रेस्क्यू करके बाहर निकाला गया और फायर ब्रिगेड को सूचित किया गया। फायर ब्रिगेड की टीम ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया। आग पर काबू पाने के बाद सुबह 3 बजे जब पूरे मकान को सर्च किया गया तो उसमें दो डेड बॉडी मिली। जिसमें एक बॉडी राजेन्द्र केसरवानी की है जो नवविवाहिता का ससुर है और दूसरी बॉडी शोभा देवी की है जो लड़की की सास है।
बता दें कि पुलिस और फायर ब्रिगेड के अधिकारियों ने करीब 3 घंटे के बाद आग को बुझाने में सफलता हासिल की। घर में ससुर राजेंद्र केसरवानी और सास शोभा देवी के शव बरामद हुए। फिलहाल इन दोनों शवों को भी पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। सभी उच्चाधिकारियों द्वारा मौके का निरीक्षण किया गया है और अग्रिम विधिक कार्यवाही की जा रही है। मौके पर फोर्स की तैनाती की गई है। शांति-व्यवस्था कायम है।