
प्रयागराज को आज मिलेगी नई सौगात, CM Yogi करेंगे प्रेरणा पार्क का लोकार्पण…
UP News: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सोमवार को प्रयागराज के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वह यमुना नदी के किनारे बोट क्लब के पास विकसित किए गए प्रेरणा पार्क का लोकार्पण करेंगे। मुख्यमंत्री पार्क में स्थापित डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी, पूर्व प्रधानमंत्री एवं भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी तथा विश्व हिंदू परिषद के पूर्व अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष अशोक सिंघल की प्रतिमाओं का भी अनावरण करेंगे।
इसके बाद मुख्यमंत्री एकता नौका रेस को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। इस प्रतियोगिता में दो दर्जन से अधिक नौकाएं हिस्सा लेंगी। आयोजन का उद्देश्य सामाजिक समरसता, सांस्कृतिक विरासत और जल पर्यटन को बढ़ावा देना बताया जा रहा है।
एक करोड़ रुपये की लागत से बना प्रेरणा पार्क
नगर निगम प्रयागराज की ओर से यमुना तट पर कालीघाट के समीप इस भव्य प्रेरणा पार्क का निर्माण कराया गया है। प्रयागराज के महापौर उमेश चंद्र गणेश केसरवानी के अनुसार, करीब एक करोड़ रुपये की लागत से विकसित इस पार्क का उद्देश्य महान राष्ट्रनायकों के विचारों और योगदान से नई पीढ़ी को प्रेरित करना है।
पार्क में आकर्षक हरित क्षेत्र, बैठने की आधुनिक व्यवस्था, सौंदर्यीकरण, प्रकाश व्यवस्था और प्रमुख विभूतियों की प्रतिमाएं स्थापित की गई हैं, जिससे यह स्थल स्थानीय लोगों और पर्यटकों के लिए आकर्षण का केंद्र बनेगा।
जनसभा को करेंगे संबोधित
प्रेरणा पार्क के लोकार्पण और प्रतिमाओं के अनावरण के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ एक जनसभा को संबोधित करेंगे। अपने संबोधन में वह प्रदेश सरकार की विकास योजनाओं, प्रयागराज में चल रहे बुनियादी ढांचा विकास और पर्यटन को बढ़ावा देने से जुड़े विषयों पर अपनी बात रख सकते हैं।
लोक निर्माण विभाग के कार्यों की करेंगे समीक्षा
दौरे के दौरान मुख्यमंत्री प्रयागराज मेला प्राधिकरण के सभागार में लोक निर्माण विभाग (PWD) के नए और चल रहे विकास कार्यों की समीक्षा बैठक भी करेंगे। बैठक में जिले के वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी, जनप्रतिनिधि और संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहेंगे। मुख्यमंत्री परियोजनाओं की प्रगति, गुणवत्ता और समयबद्ध क्रियान्वयन को लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देंगे।
यह भी पढ़ें…
योगी सरकार ने बदली जलालाबाद की पहचान, नया नाम होगा ‘भगवान परशुराम पुरी’…
सुरक्षा और तैयारियां पूरी
मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर प्रशासन ने व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की है। कार्यक्रम स्थल, यमुना तट और आसपास के क्षेत्रों में पुलिस बल की तैनाती की गई है। यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए विशेष ट्रैफिक प्लान लागू किया गया है। नगर निगम और जिला प्रशासन ने कार्यक्रम की सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं।
यह भी पढ़ें…
जनता दरबार में CM Yogi ने सुनीं फरियादें, अधिकारियों को दिए त्वरित कार्रवाई के निर्देश
जल पर्यटन और सांस्कृतिक विरासत को मिलेगा बढ़ावा
प्रेरणा पार्क और एकता नौका रेस जैसे आयोजन से प्रयागराज में पर्यटन गतिविधियों को नई पहचान मिलने की उम्मीद है। यमुना तट का सौंदर्यीकरण और सांस्कृतिक आयोजनों के माध्यम से शहर को एक नए पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में यह महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। मुख्यमंत्री का यह दौरा विकास परियोजनाओं को गति देने के साथ-साथ शहर की सांस्कृतिक और ऐतिहासिक पहचान को भी नई मजबूती देगा।
यह भी पढ़ें…





