Delhi में दो नए जिले बनाने की तैयारी, प्रशासनिक ढांचे को और मजबूत करने की कवायद

Delhi News: राजधानी दिल्ली में प्रशासनिक ढांचे को मजबूत बनाने के लिए दिल्ली सरकार ने बड़ा कदम उठाने की तैयारी की है। वर्तमान में दिल्ली में 11 जिले हैं और अब सरकार ने दो नए जिले बनाकर संख्या 13 करने का फैसला लिया है। माना जा रहा है कि इस कदम से विभागों के बीच बेहतर तालमेल बनेगा और जनता की समस्याओं का तेजी से समाधान होगा।

जिलों की सीमाओं में होगा बदलाव
नए जिले बनने के बाद मौजूदा जिलों की सीमाओं में भी बदलाव किया जाएगा। सूत्रों के अनुसार, एमसीडी के 12 जोन को ही जिला घोषित करने की योजना है। वहीं, 13वां जिला दिल्ली छावनी बोर्ड और एनडीएमसी की सीमा क्षेत्र को मिलाकर बनाया जा सकता है।

इस दौरान कुछ जिलों के नाम उनकी भौगोलिक सीमाओं के आधार पर बदले जा सकते हैं। यहां तक कि शाहदरा जिले को खत्म करने पर भी विचार हो रहा है।

प्रशासनिक कामकाज में तेजी
छोटे जिलों की वजह से अब डीएम (जिलाधिकारी) तक लोगों की सीधी पहुंच संभव हो सकेगी। जिलों का आकार घटने से सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था भी और सुदृढ़ होगी।

साथ ही, एमसीडी, पीडब्ल्यूडी, जल बोर्ड और अन्य विभागों के नोडल अधिकारी डीएम कार्यालय में ही बैठेंगे। इस व्यवस्था से अलग-अलग विभागों के बीच सीमा विवाद खत्म होंगे और कामकाज में पारदर्शिता आएगी।

यह भी पढ़ें…

कुख्यात ड्रग तस्कर विजय कुमार की संपत्ति फ्रीज, दिल्ली में नशा विरोधी अभियान जारी

शिकायतों के निपटारे में आसानी
नए जिलों के गठन से जनसुनवाई और शिकायत पेटिकाओं पर आने वाली शिकायतों पर नोडल अधिकारी तुरंत संज्ञान लेंगे और डीएम उनसे रिपोर्ट ले सकेंगे। इससे प्रशासनिक प्रक्रियाएं सरल होंगी और जनता के लिए काम आसान होगा।

यह भी पढ़ें…

Flood News: उफान पर यमुना नदी… दिल्ली-यूपी और पंजाब समेत कई राज्यों में कहर

जल्द कैबिनेट से मंजूरी संभव
जानकारी के अनुसार, पिछले सप्ताह यह प्रस्ताव मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के सामने रखा गया था। अब इसे कैबिनेट बैठक में रखा जाएगा, जहां इस पर मुहर लगने की पूरी संभावना है।

दिल्ली में दो नए जिले बनने से प्रशासनिक सुधारों के साथ ही जनता को भी बेहतर सुविधाएं मिलने की उम्मीद है।

यह भी पढ़ें…

CM रेखा गुप्ता से मिले धीरेंद्र शास्त्री, संत समाज में एकता और सेवा का संदेश

Back to top button