
कबाड़ी को बेचीं गईं प्राइमरी स्कूल की किताबें… वायरल वीडियो से मचा बवाल
UP News: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में एक शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। मोहनलालगंज के नेवाजखेड़ा प्राइमरी स्कूल में बच्चों की किताबें और अन्य शैक्षिक सामग्री कबाड़ी को बेच दी गई। यह मामला तब उजागर हुआ जब इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ।
कबाड़ी को बेच दी गई किताबें
वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि कबाड़ी स्कूल के भीतर से किताबें उठाकर बाहर ले जा रहा है। पास में खड़े कुछ स्थानीय बच्चों ने बोरी खोलकर देखा, तो यह पता चला कि इसमें कक्षा 1 से 5 तक के बच्चों की पाठ्यपुस्तकें रखी हुई थीं। कुल वजन लगभग दो क्विंटल (200 किलो) बताया गया।
बीएसए के अनुसार, किताबें 11 रुपये प्रति किलो के हिसाब से बेची गई थीं। वीडियो में ठेले पर छह बोरी और अन्य शैक्षिक सामग्री रखी दिखाई दे रही है। यह देख ग्रामीणों ने आपत्ति जताई और घटना का विरोध किया।
जांच के आदेश
बीएसए विपिन कुमार ने वायरल वीडियो का संज्ञान लेते हुए मोहनलालगंज बीईओ सुशील कनौजिया को इस मामले की जांच का आदेश दिया। बीईओ ने प्रधानाध्यापक को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है। इसमें यह पूछा गया है कि कबाड़ी को बेची गई किताबें किस वर्ष की थीं और अन्य सामग्री का विवरण क्या था।
बीईओ ने कहा कि रिपोर्ट आने के बाद दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें…
लखनऊ के LuLu Mall का बैंक अकाउंट सीज, टैक्स बकाया होने पर बड़ी कार्रवाई
बच्चों के पास पर्याप्त किताबें नहीं
जानकारी के मुताबिक, नगर और ग्रामीण इलाकों के प्राइमरी स्कूलों में पढ़ने वाले करीब 20 फीसदी बच्चों के पास पाठ्यपुस्तकें नहीं हैं। जुलाई और अगस्त में शिक्षकों ने बीईओ को किताबों की मांग भेजी थी, लेकिन अब तक पूरी आपूर्ति नहीं हो सकी।
इस प्राइमरी स्कूल में ज्यादा किताबें होने के बावजूद प्रधानाध्यापक ने उन्हें उन बच्चों को नहीं दिया, जिनके पास किताबें नहीं थीं। बल्कि, किताबें बेची गईं, जिससे शिक्षा व्यवस्था और छात्रों के हितों पर सवाल उठ रहे हैं।
यह भी पढ़ें…
मिशन 2027 की बिसात बिछाने में जुटी BJP… योगी कैबिनेट विस्तार की पटकथा तैयार
विभाग की कार्रवाई
बीएसए विपिन कुमार ने स्पष्ट किया कि मोहनलालगंज खंड शिक्षाधिकारी को मामले की जांच के निर्देश दिए गए हैं। जांच पूरी होने के बाद दोषी पाए जाने पर प्रधानाध्यापक और संबंधित शिक्षकों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
इस घटना ने शिक्षा व्यवस्था में लापरवाही और बच्चों के अधिकारों की अनदेखी पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। वायरल वीडियो ने सोशल मीडिया पर भी गुस्सा और चिंता पैदा की है।
यह भी पढ़ें…





