उप्र के कांग्रेस प्रभारी का दावा- प्रियंका गांधी होंगी उप्र में सीएम का चेहरा

Congress Secretary Priyanka Gandhi

रायपुर। कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव और उप्र के प्रभारी राजेश तिवारी ने दावा किया कि प्रियंका गांधी वाड्रा उप्र में मुख्यमंत्री पद के लिए कांग्रेस का चेहरा होंगी। जनता उन्हें मुख्यमंत्री के रूप में देखना चाहती है।

तिवारी ने कहा उनके नेतृत्व में ही अगले साल विधानसभा चुनाव लड़ा जाएगा। पार्टी सभी विधानसभा सीटों पर अपना प्रत्याशी खड़ा करेगी। जनता के साथ-साथ उप्र के कांग्रेस कार्यकर्ता और पदाधिकारी भी प्रियंका को मुख्यमंत्री के रूप में देखना चाहते हैं।

किसी से गठजोड़ की बात नहीं, सभी सीटों पर लड़ेगी पार्टी

राजेश तिवारी ने कहा कि उप्र में कांग्रेस की तैयारी सभी 403 सीटों पर उम्मीदवार उतारने की है। प्रदेश में सपा या अन्य किसी दल से गठजोड़ की अभी कोई बात नहीं चल रही है। उप्र में कांग्रेस को बूथ स्तर तक मजबूत करने के लिए प्रशिक्षण दिया जा रहा है।

तिवारी ने कहा कि जिस तरह छत्तीसगढ़ में 15 साल सत्ता से बाहर रहने के बाद बूथ स्तर पर मजबूती से सफलता मिली है, वही प्रयोग उप्र में भी किया जा रहा है।

100 से ज्यादा नेताओं को छग में दिया जा रहा प्रशिक्षण

गौरतलब है कि उप्र के 100 से ज्यादा पदाधिकारी पिछले तीन दिन से छत्तीसगढ़ में प्रशिक्षण ले रहे हैं। इन नेताओं को कांग्रेस के इतिहास से लेकर बूथ मैनेजमेंट के बारे में जानकारी दी जा रही है।

इनको छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने भी प्रशिक्षण दिया है। राजेश तिवारी ने बताया कि रायपुर के निरंजन धर्मशाला में मास्टर ट्रेनर को बूथ मैनेजमेंट की जानकारी दी गई।

पांच दिवसीय प्रशिक्षण में प्रियंका गांधी भी बुधवार शाम को वर्चुअल रूप से शामिल हुई। इस दौरान प्रियंका ने अब तक के प्रशिक्षण के बारे में जानकारी ली। यह मास्टर ट्रेनर अब उप्र के जिला, विधानसभा और ब्लाक स्तर पर कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षण देंगे।

Back to top button