राजीव कुमार होंगे नए मुख्य चुनाव आयुक्त, 15 मई को संभालेंगे पद

राजीव कुमार होंगे नए मुख्य चुनाव आयुक्त

नई दिल्ली। 1984 बैच के भारतीय प्रशासनिक सेवा के अधिकारी (अब सेवानिवृत्त) राजीव कुमार भारत के नए मुख्य चुनाव आयुक्त होंगे। वे 15 मई को कार्यभार ग्रहण करेंगे। केंद्रीय कानून मंत्री किरेन रिजिजू ने ट्विटर पर जानकारी दी।

उन्होंने कहा कि राजीव कुमार 15 मई, 2022 से मुख्य चुनाव आयुक्त होंगे। राजीव कुमार वर्तमान मुख्य चुनाव आयुक्त सुशील चंद्रा की जगह लेंगे, जिनका कार्यकाल शनिवार 14 मई को को पूरा हो रहा है।  

कानून मंत्री ने ट्वीट किया, “संविधान के अनुच्छेद 324 के खंड (2) के अनुसरण में, राष्ट्रपति ने राजीव कुमार को 15 मई, 2022 से मुख्य चुनाव आयुक्त के रूप में नियुक्त किया है। राजीव कुमार को मेरी शुभकामनाएं।”

कौन हैं नए मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार

राजीव कुमार 1984 बैच के भारतीय प्रशासनिक सेवा के अधिकारी हैं। उन्होंने 1 सितंबर 2020 को चुनाव आयोग में चुनाव आयुक्त के रूप में कार्यभार संभाला था।

चुनाव आयोग में कार्यभार संभालने से पहले, वे उद्यम चयन बोर्ड के अध्यक्ष रह चुके हैं। वह अप्रैल 2020 में अध्यक्ष पीईएसबी के रूप में शामिल हुए थे। राजीव बिहार/झारखंड कैडर 1984 बैच के भारतीय प्रशासनिक सेवा के अधिकारी रहे और फरवरी 2020 में भारतीय प्रशासनिक सेवा से सेवानिवृत्त हुए।

चुनाव आयोग के मुताबिक, 19 फरवरी 1960 को जन्मे और बीएससी, एलएलबी, पीजीडीएम और एमए पब्लिक पॉलिसी की अकादमिक डिग्री हासिल करने वाले राजीव कुमार के पास भारत सरकार की 36 वर्षों से अधिक की सेवा का अनुभव है।

इस दौरान उन्होंने सामाजिक क्षेत्र, पर्यावरण और वन, मानव संसाधन, वित्त और बैंकिंग क्षेत्र में केंद्र और राज्य के विभिन्न मंत्रालयों में काम किया है।

Back to top button