UP Politics: समाजवादी पार्टी को बड़ा झटका, 5 बार के विधायक आलमबदी का निधन

आजमगढ़ की निजामाबाद सीट से 5 बार के सपा विधायक और यूपी विधानसभा के सबसे बुजुर्ग नेता आलमबदी आजमी का निधन हो गया है। सादगी और बेदाग राजनीति के लिए पहचाने जाने वाले आलमबदी के निधन पर अखिलेश यादव ने जताया शोक।

Alam Badi Death: उत्तर प्रदेश की राजनीति और समाजवादी पार्टी (SP) के लिए एक दुखद खबर सामने आई है। आजमगढ़ जिले की निजामाबाद विधानसभा सीट से 5 बार के विधायक और 18वीं यूपी विधानसभा के सबसे उम्रदराज नेता आलमबदी आजमी (Alam Badi Azmi) का 90 वर्ष की आयु में निधन हो गया है।

वे पिछले काफी समय से बीमार चल रहे थे और लखनऊ के मेदांता अस्पताल में उनका इलाज जारी था। उनके देहांत की खबर सामने आते ही समाजवादी पार्टी समेत पूरे राजनीतिक हल्के में शोक की लहर दौड़ गई है।

5 बार के विधायक और सादगी की मिसाल

आलमबदी आजमी यूपी के उन गिने-चुने राजनेताओं में से थे, जिन्हें उनकी बेदाग छवि, ईमानदारी और सादगी के लिए जाना जाता था। 16 मार्च 1936 को जन्मे आलमबदी ने इलेक्ट्रिकल और मैकेनिकल इंजीनियरिंग में डिप्लोमा हासिल किया था। वे पेशे से इंजीनियर थे, लेकिन जनसेवा के उद्देश्य से उन्होंने राजनीति का रास्ता चुना।

उन्होंने 1996 में पहली बार समाजवादी पार्टी के टिकट पर जीत दर्ज की थी। इसके बाद वे 2002, 2012, 2017 और 2022 के विधानसभा चुनावों में भी जीतकर कुल 5 बार विधायक बने।आलमबदी सपा संस्थापक स्व. मुलायम सिंह यादव और सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव के बेहद करीबी और सम्मानित नेताओं में शामिल थे।

जब ठुकरा दिया था मंत्री पद

आलमबदी की सादगी का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि उन्हें कई बार मंत्री पद का ऑफर मिला, लेकिन उन्होंने हर बार यह कहकर इनकार कर दिया कि “मंत्री पद किसी युवा को दिया जाए, मैं अपने क्षेत्र की जनता के बीच रहकर ही उनकी सेवा करना चाहता हूँ।” वे अपने क्षेत्र में हमेशा साइकिल या पैदल ही लोगों की समस्याएं सुनने निकल जाया करते थे।

अखिलेश यादव ने जताया गहरा दुख

सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने उनके निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए कहा:आजमगढ़ की निजामाबाद विधानसभा से वरिष्ठ सपा नेता और लोकप्रिय विधायक जनाब आलमबदी साहब का निधन अत्यंत दुखद है। उनका जाना पार्टी और समाज के लिए एक अपूरणीय क्षति है। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति और शोकाकुल परिवार को यह दुख सहने की शक्ति प्रदान करे।”

आलमबदी आजमी के अंतिम दर्शन और जनाजे की नमाज में शामिल होने के लिए आजमगढ़ स्थित उनके आवास पर समर्थकों और बड़े नेताओं का जमावड़ा लगा हुआ है।

Back to top button