बारातियों को लेकर लौट रही स्कार्पियो की बस से टक्कर, तीन की मौत; तीन गंभीर

accident logo

गोरखपुर। उप्र के गोरखपुर जनपद के गगहा के हाटा बाजार में आज सोमवार सुबह बारातियों को लेकर लौट रही एक स्कार्पियो बड़हलगंज से गोरखपुर की तरफ आ रही जनरथ बस से टकरा गई। इससे स्कार्पियो में सवार तीन बारातियों की मौत हो गई, जबकि तीन की हालत गंभीर है।

घायलों का जिला अस्पताल व मेडिकल कॉलेज में इलाज चल रहा है। सभी घायल व मृतक बड़हलगंज के कोहिला गांव के थे।

ऐसे हुई दुर्घटना

बड़हलगंज के कोहिला गांव से बारात गई हुई थी। सुबह बाराती स्कार्पियो से घर लौट रहे थे। स्कार्पियो अभी गगहा के हाटा बाजार के पास फ्लाई ओवर के पास पहुंची ही थी कि सामने से आ रही जनरथ बस से टकरा गई।

इससे स्कार्पियो में सवार छह बाराती गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना पाकर मौके पर गगहा पुलिस भी पहुंच गई। घायलों को इलाज के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र गगहा ले जाया गया।

इनकी हुई मौत

प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्सकों ने 48 वर्षीय राम नारायण व एक और बराती को मृत घोषित कर दिया। शेष चार घायलों को इलाज के लिए जिला अस्पताल ले जाया।

जिला अस्पताल में एक और घायल की मौत हो गई। तीन घायलों की स्थिति गंभीर बताई जा रही है। घायलों में कोहिला के संतोष मौर्या व भोला की स्थिति गंभीर है।

कोहरा के कारण बस से टकराई स्कार्पियो

पुलिस के मुताबिक सुबह के समय घना कोहरा था। संभव है कि स्पष्ट न दिखने के कारण दुर्घटना हुई हो। फिलहाल दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। मृतक के नाम व पते की जानकारी ली जा रही है। वाहनों को कब्जे में ले लिया गया है।

Back to top button