
सपा ने युवाओं के भविष्य से किया खिलवाड़, हमारी सरकार ने दी 9 लाख पारदर्शी नौकरियां
UP Vidhan Sabha Session: उत्तर प्रदेश विधानसभा में अनुपूरक बजट पर चर्चा के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने समाजवादी पार्टी पर जोरदार हमला बोला। उन्होंने कहा कि युवाओं के भविष्य के साथ जितना खिलवाड़ सपा ने किया, उतना किसी और ने नहीं किया। उनकी सरकार ने अब तक 9 लाख सरकारी नौकरियां दी हैं और यह सब पूरी पारदर्शिता के साथ हुआ है, कहीं भी भ्रष्टाचार नहीं हुआ।
पहले पहचान और सुरक्षा का संकट था: सीएम योगी
सीएम योगी ने कहा कि सपा सरकार के समय उत्तर प्रदेश के लोगों के सामने पहचान का संकट था और आम नागरिक अपने जीवन को लेकर भयभीत रहता था।
उन्होंने कहा,
“आज प्रदेश की पहचान बदली है। उत्तर प्रदेश आज देश में सबसे ज्यादा एक्सप्रेस-वे और एयरपोर्ट वाला राज्य है।”
मुख्यमंत्री ने यह भी दावा किया कि उनकी सरकार ने भर्तियों की प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी बनाया है, जिससे नकल माफियाओं की कमर टूट गई है।
भर्ती बोर्ड और नकल माफिया पर सख्ती
सीएम योगी ने बताया कि भर्ती बोर्ड में रिटायर्ड डीजीपी को बैठाया गया है ताकि नकल माफियाओं पर प्रभावी कार्रवाई हो सके।
उन्होंने तीखे अंदाज में कहा,
“हम सज्जन को सुरक्षा और दुर्जन को ठिकाने लगाने के लिए बैठे हैं। कोई भजन करने के लिए नहीं बैठे हैं। भजन के लिए तो मठ ही पर्याप्त है।”
उन्होंने संस्कृत श्लोक का उल्लेख करते हुए कहा—
“परित्राणाय साधूनां विनाशाय च दुष्कृताम्…”
यही उनकी सरकार की शपथ और नीति है।
नेता प्रतिपक्ष पर तंज
अनुपूरक बजट पर चर्चा के दौरान मुख्यमंत्री ने नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पांडेय द्वारा दिए गए सुझावों के लिए आभार जताया, लेकिन साथ ही तंज भी कसा।
सीएम योगी ने कहा,
“अगर नेता प्रतिपक्ष ऐसे सुझाव सत्ता में रहते हुए सपा नेताओं को देते, तो समाजवादी पार्टी आज तितर-बितर न होती।”
उन्होंने यह भी कहा कि उन्हें खुशी है कि नेता प्रतिपक्ष ने स्वीकार किया कि प्रदेश में माफियाओं के खिलाफ कार्रवाई हो रही है।
यह भी पढ़ें…
कानपुर में मेट्रो के 8 नए स्टेशन, नौबस्ता से बर्रा तक संचालन की तैयारी…
बेटियों और व्यापारियों की सुरक्षा पर जोर
सीएम योगी ने कहा कि सपा सरकार के दौरान पूजा पाल जैसे मामलों में न्याय नहीं मिल सका क्योंकि उस समय सरकार में हिम्मत नहीं थी।
उन्होंने स्पष्ट किया,
“हमारी सरकार ने तय किया है कि बेटी चाहे सत्ता पक्ष की हो या विपक्ष की, उसे न्याय मिलेगा।”
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता है कि प्रदेश की हर बेटी, हर व्यापारी और हर नागरिक को सुरक्षा मिले।
उन्होंने दो टूक कहा कि जबरन कब्जा किसी को नहीं करने दिया जाएगा, और अगर किसी ने कब्जा किया है तो उसे बख्शा नहीं जाएगा।
यह भी पढ़ें…
UP में मायावती-अखिलेश की मुश्किलें बढ़ाएंगे रामदास आठवले? सियासी हलचल तेज…
नेता प्रतिपक्ष का जवाब
नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पांडेय ने सरकार से समभाव से काम करने की अपील की। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री शपथ लेते हैं कि बिना भेदभाव, भय और पक्षपात के काम करेंगे, लेकिन बुलडोजर कार्रवाई जैसे मामलों पर भी विचार होना चाहिए।
उन्होंने यह सवाल उठाया कि जनप्रतिनिधि जो शपथ लेते हैं, उसका कितना पालन किया जाता है और सभी के साथ समान व्यवहार कितना हो रहा है।
यूपी विधानसभा में यह बहस सरकार और विपक्ष के बीच तीखे आरोप-प्रत्यारोप का गवाह बनी। जहां मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपनी सरकार की उपलब्धियां गिनाईं और सपा पर निशाना साधा, वहीं विपक्ष ने निष्पक्षता और संवैधानिक मूल्यों के पालन का सवाल उठाया।
यह भी पढ़ें…





