मुलायम सिंह यादव का 8.3 एकड़ में भव्य स्मारक बनवाएगी सपा, 22 नवम्बर को होगा शिलान्यास
समाजवादी पार्टी के संस्थापक व पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव के जन्मदिन के आयोजन के बहाने अखिलेश यादव 2024 के लोकसभा चुनाव का लॉन्चिंग पैड तैयार करेंगे। 22 नवंबर को सैफई में अखिलेश मुलायम सिंह यादव के नाम पर एक विशाल स्मारक के निर्माण का शिलान्यास करेंगे। इस अवसर पर पूरे देश के समाजवादी नेताओं को न्योता दिया जाएगा।

सपा संस्थापक मुलायम सिंह यादव (नेताजी) का सैफई में 8.3 एकड़ जमीन में भव्य स्मारक बनेगा। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने बताया कि 22 नवंबर को नेताजी के जन्मदिन के अवसर पर स्मारक का शिलान्यास किया जाएगा। यह स्मारक जहां नेताजी के समाधिस्थल से जुड़ा होगा, वहीं उनके जीवन की सभी महत्वपूर्ण घटनाओं को भी वहां उकेरा जाएगा। प्रदेश सपा मुख्यालय पर अखिलेश यादव की मौजूदगी में पूर्व सांसद व कवि उदय प्रताप सिंह ने स्मारक के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने कहा कि स्मारक में 4.5 एकड़ जमीन पर एक भव्य पार्क और जन सुविधाएं होंगी। लोककला की अद्भुत झलक मिलेगी, क्योंकि नेताजी लोकजन से जुड़े जीवन को ही जीते थे। इसमें गलियारे होंगे और वास्तुकला में जमीन से जुड़े होने का मुख्य आकर्षण होगा।
स्मारक के चारों तरफ एक लंबी दीर्घा का प्रबंध किया गया है, जिससे समाधि स्थल तक पहुंचा जा सकता है। प्रवेश द्वार से समाधि तक पहुंचने के लिए दृश्यावलियों की श्रृंखला, चौक और प्रांगण होंगे। दोनों तरफ रमणीक खंभे होंगे। इस स्थल पर लोकंत्रत की समझ व आवश्यकता और गांधी की अहिंसा के विचार भी उकेरे जाएंगे। स्तंभों में सम्राट अशोक के युग की लुंबनी, मेरठ और इलाहाबाद की कला प्रतिबिंबित होगी। उदय प्रताप सिंह ने कहा कि यह स्मारक समाजवादियों के लिए गौरव की वही अनुभूति प्रदान करेगा, जो अमेरिका के लोगों को लिंकन और जेफरसन के स्मारकों से प्राप्त होती है।
अखिलेश यादव ने कहा कि हम सब लोगों की मिलकर कोशिश यही होगी कि बहुत जल्दी नेताजी का स्मारक बन करके तैयार हो जाए। ये स्मारक सैफई में इसलिए बना रहे हैं, क्योंकि नेताजी का सपना सैफई था। प्रयास रहेगा कि वर्ष 2027 से पहले इसका निर्माण पूरा हो जाए। सोमवार को स्मारक की जानकारी देने से पहले सपा नेताओं ने पूर्व गृह मंत्री सरदार वल्लभ भाई पटेल की जयंती पर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए। इस दौरान पूर्व कैबिनेट मंत्री शिवपाल सिंह यादव, सपा प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल और महासचिव अता उर रहमान भी मौजूद रहे।