एशियाई खेलों का हुआ आगाज, 500 से अधिक एथलीट दिखाएंगे दमखम

Asian Games 2026: जापान के नागोया में शनिवार को 20वें एशियाई खेलों का शानदार और रंगारंग उद्घाटन समारोह के साथ औपचारिक आगाज हो गया। महाद्वीप के सबसे बड़े खेल महाकुंभ में भारत का 158 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल परेड ऑफ नेशंस में शामिल हुआ।

दोहरी ओलंपिक पदक विजेता निशानेबाज मनु भाकर और स्टार कबड्डी खिलाड़ी पवन सेहरावत ने भारतीय दल के ध्वजवाहक के रूप में देश का प्रतिनिधित्व किया।

बदला गया भारतीय दल का ध्वजवाहक

उद्घाटन समारोह से ठीक पहले भारतीय दल में एक बड़ा फेरबदल देखने को मिला। दो बार के एशियाई खेलों के स्वर्ण पदक विजेता शॉटपुट एथलीट तजिंदरपाल सिंह तूर को शुरू में मनु भाकर के साथ पुरुष ध्वजवाहक चुना गया था। हालांकि, भारतीय ओलंपिक संघ (IOA) के लॉजिस्टिक्स प्रबंधन में लापरवाही के चलते तूर को समय पर आधिकारिक सेरेमोनियल किट नहीं मिल सकी।

किट की अनुपलब्धता के कारण उन्होंने उद्घाटन समारोह से हटने का फैसला किया, जिसके बाद कबड्डी के स्टार खिलाड़ी पवन सेहरावत को यह अहम जिम्मेदारी सौंपी गई।

500 से अधिक एथलीट दिखाएंगे दमखम

इस बार एशियाई खेलों में भारत के लगभग 500 एथलीट 35 अलग-अलग खेल प्रतिस्पर्धाओं में अपनी दावेदारी पेश कर रहे हैं। भारत को एथलेटिक्स, शूटिंग, बैडमिंटन, कुश्ती और कबड्डी में सर्वाधिक पदकों की उम्मीद है। पेरिस ओलंपिक में दो कांस्य पदक जीतकर इतिहास रचने वाली मनु भाकर 10 मीटर और 25 मीटर पिस्टल स्पर्धाओं में चुनौती पेश करेंगी।

वहीं एशियाई खेल 2023 के स्वर्ण पदक विजेता पवन सेहरावत की अगुआई में पुरुषों की कबड्डी टीम अपने खिताब की रक्षा करने उतरेगी।

रिकॉर्ड को तोड़ने पर नजरें

हांगझोउ में आयोजित हुए 2023 के एशियाई खेलों में भारत ने 28 स्वर्ण सहित रिकॉर्ड 107 पदक जीतकर इतिहास रचा था। नागोया 2026 में भारतीय दल इस ऐतिहासिक प्रदर्शन को पीछे छोड़ते हुए अधिक से अधिक पदक अपने नाम करने के इरादे से मैदान में उतरेगा। 45 देशों के सर्वश्रेष्ठ एथलीटों के बीच अगले दो हफ्तों तक चलने वाले इस खेल कुंभ में भारतीय खिलाड़ियों का जलवा देखने को मिलेगा।

Back to top button