
IND vs PAK: भारत को क्रिकेट में गोल्ड मेडल, जापान में फहराया स्वर्णिम परचम
Asian Games 2026 IND vs PAK Final: जापान में खेले गए एशियन गेम्स 2026 के पुरुष क्रिकेट स्पर्धा के हाई-वोल्टेज मुकाबले में भारत ने अपने चिर-प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान को 19 रनों से हराकर स्वर्ण पदक (Gold Medal) पर कब्जा जमा लिया है।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए भारतीय टीम ने निर्धारित 20 ओवरों में 6 विकेट के नुकसान पर 211 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया था। जवाब में लक्ष्य का पीछा करने उतरी पाकिस्तान की टीम 20 ओवरों में 6 विकेट खोकर 192 रन ही बना सकी।
अभिषेक-तिलक की तूफानी पारी
भारतीय टीम की शुरुआत आक्रामक रही। युवा सलामी बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी के 15 रन पर आउट होने के बाद अभिषेक शर्मा ने पाकिस्तानी गेंदबाजों पर धावा बोल दिया। अभिषेक शर्मा ने महज 20 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया और 28 गेंदों में 7 छक्कों की मदद से 61 रनों की ताबड़तोड़ पारी खेली। मध्यक्रम में कप्तान श्रेयस अय्यर (21 रन) और ईशान किशन (20 रन) के आउट होने के बाद उप-कप्तान तिलक वर्मा और शिवम दुबे ने पारी को संभाला।
तिलक वर्मा ने महज 21 गेंदों में फिफ्टी जड़ते हुए 22 गेंदों में नाबाद 51 रन (3 चौके, 4 छक्के) बनाए। उनके साथ शिवम दुबे ने 15 गेंदों में 27 रनों की तेज पारी खेलकर भारत का स्कोर 200 के पार पहुंचाया। पाकिस्तान की ओर से अहमद दानियाल और अराफात मिन्हास ने दो-दो विकेट झटके।
ये भी पढ़े-Asian Games 2026: लवलीना ने अपने बर्थडे पर देश को दिया तोहफा, एशियन गेम्स में जड़ा ‘गोल्डन पंच’
भारतीय गेंदबाजों ने कसी नकेल
212 रनों के विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी पाकिस्तान टीम की शुरुआत धीमी रही। सलामी बल्लेबाज साहिबजादा फरहान 10 रन और माज सदाकत 23 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। इसके बाद हसन नवाज ने 51 गेंदों में 7 छक्कों और 5 चौकों की मदद से 96 रनों की आतिशी पारी खेलकर पाकिस्तान को मैच में बनाए रखने की कोशिश की, लेकिन भारतीय गेंदबाजों की सटीक लाइन-लेंथ के सामने टीम लक्ष्य से दूर रह गई।
भारत के लिए वाशिंगटन सुंदर ने 4 ओवर में 29 रन देकर 2 विकेट और अक्षर पटेल ने 29 रन देकर 2 विकेट चटकाए। शिवम दुबे को भी 2 सफलताएं मिलीं। अनुशासित गेंदबाजी के बल पर भारत ने पाकिस्तान को 192/6 पर रोकते हुए अपने एशियन गेम्स के गोल्ड मेडल का सफलतापूर्वक बचाव किया।
ये भी पढ़े-Asian Games 2026: भारतीय महिला रिकर्व टीम ने रचा इतिहास, 10 बार की चैंपियन को हराकर जीता गोल्ड





