
मैदान पर नहीं दिखेगा मैक्सवेल का जलवा, इंटरनेशनल क्रिकेट से लिया रिटायरमेंट
Glenn Maxwell Retires: विश्व क्रिकेट से एक बड़ी खबर सामने आ रही है। आधुनिक क्रिकेट के सबसे विस्फोटक और आक्रामक बल्लेबाजों में शुमार ऑस्ट्रेलिया के दिग्गज ऑलराउंडर ग्लेन मैक्सवेल (Glenn Maxwell) ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के सभी फॉर्मेट से संन्यास की घोषणा कर दी है।
प्यार से ‘द बिग शो’ (The Big Show) बुलाए जाने वाले मैक्सवेल के इस फैसले से उनके फैंस और पूरी क्रिकेट जगत में मायूसी छा गई है।
14 साल के लंबे करियर पर विराम
38 वर्षीय ग्लेन मैक्सवेल ने एक पॉडकास्ट के दौरान अपने इस संन्यास का ऐलान करते हुए 141 से अधिक अंतरराष्ट्रीय मैचों के अपने शानदार सफर पर पूर्ण विराम लगा दिया। मैक्सवेल ने अपने अंतरराष्ट्रीय करियर के दौरान कुल 7 टेस्ट मैच, 149 वनडे मुकाबले और 130 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले। अपनी तूफानी बल्लेबाजी और अनूठे शॉट्स के लिए मशहूर मैक्सवेल ने वनडे में 3,990 रन और टी20 फॉर्मेट में 2,897 रन बनाए, साथ ही अपने ऑफ स्पिन गेंदबाजी से अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कुल 136 विकेट भी झटके।
जिताए कई ऐतिहासिक मुकाबले
ग्लेन मैक्सवेल का नाम आते ही साल 2023 के वनडे विश्व कप में अफगानिस्तान के खिलाफ खेली गई वह ऐतिहासिक पारी याद आती है, जब उन्होंने अकेले दम पर वानखेड़े स्टेडियम में दोहरा शतक जड़कर हारा हुआ मैच जिता दिया था। मैक्सवेल ऑस्ट्रेलिया की उन विश्व विजेता टीमों का अहम हिस्सा रहे हैं जिन्होंने 2015 और 2023 का वनडे वर्ल्ड कप तथा 2021 का टी20 वर्ल्ड कप अपने नाम किया था। अपनी ताबड़तोड़ पारियों और चमत्कारिक फील्डिंग के दम पर उन्होंने कई बार हारी हुई बाजी को पलटा है।
घरेलू क्रिकेट को भी कहा अलविदा
अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को अलविदा कहने के साथ-साथ मैक्सवेल ने घरेलू क्रिकेट (Victoria) में भी 50 ओवर और चार दिवसीय लाल गेंद के क्रिकेट से पूरी तरह हटने का फैसला कर लिया है। हालांकि, दुनिया भर की विभिन्न टी20 लीगों में उनकी ताबड़तोड़ पारियों का जलवा आगे भी देखने को मिलता रहेगा, लेकिन ऑस्ट्रेलिया की जर्सी में मैदान पर उतरने का उनका यह सुनहरा दौर अब इतिहास के पन्नों में दर्ज हो गया है।
ये भी पढ़े-IPL 2027: प्रीति जिंटा की PBKS से जुड़ेंगे हार्दिक पंड्या? बदले में MI को मिलेंगे ये दो स्टार्स





