रिंकू सिंह और प्रिया सरोज की शादी की तारीख तय, लखनऊ में लेंगे सात फेरे

Rinku Singh-Priya Saroj Wedding: खेल और राजनीति के चर्चित गठबंधनों में से एक क्रिकेटर रिंकू सिंह और जौनपुर की मछलीशहर लोकसभा सीट से समाजवादी पार्टी की सांसद प्रिया सरोज की शादी की तारीख पर मुहर लग गई है। इनकी शादी इसी साल दिसंबर में नवाबों के शहर लखनऊ में संपन्न होगी।

केराकत से सपा विधायक और प्रिया सरोज के पिता तूफानी सरोज ने शादी की तारीख और वेन्यू की पुष्टि करते हुए बताया कि दोनों परिवारों की आपसी सहमति से यह शुभ दिन तय किया गया है।

पिता के निधन की वजह से टली थी शादी

रिंकू सिंह और प्रिया सरोज ने 8 जून 2025 को लखनऊ के द सेंट्रम होटल में एक भव्य समारोह में सगाई की थी, जिसमें क्रिकेट, राजनीति और मनोरंजन जगत की कई हस्तियों ने शिरकत की थी। सगाई के बाद से ही दोनों की शादी को लेकर चर्चाएं तेज थीं और पहले जून 2026 में शादी होना प्रस्तावित था।

हालांकि, रिंकू सिंह के पिता खानचंद सिंह का कैंसर की बीमारी के कारण निधन हो जाने की वजह से दोनों परिवारों ने सर्वसम्मति से शादी को आगे के लिए टाल दिया था। अब शोक की अवधि समाप्त होने और सभी पहलुओं पर विचार करने के बाद 4 दिसंबर की तारीख पर अंतिम मुहर लगी है।

होटल रमाडा में होगी शाही शादी

शुरुआत में धार्मिक नगरी वाराणसी के ताज होटल में शादी कराने की बात सामने आई थी, लेकिन सुरक्षा और अतिथियों के आवागमन को ध्यान में रखते हुए आखिरकार लखनऊ के होटल रमाडा को शादी समारोह के लिए फाइनल किया गया है।

इस  VVIP वेडिंग में भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार खिलाड़ियों, कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के मेंबर्स और सपा प्रमुख अखिलेश यादव समेत कई दिग्गज राजनेताओं के पहुंचने की संभावना है।

रिंकू सिंह और प्रिया सरोज का परिचय

उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ के एक बेहद साधारण परिवार से ताल्लुक रखने वाले रिंकू सिंह ने अपनी मेहनत के दम पर भारतीय क्रिकेट टीम में अपनी जगह पक्की की है। आईपीएल में एक ही ओवर में पांच लगातार छक्के लगाकर सुर्खियां बटोरने वाले रिंकू की गिनती आज भारतीय टीम के बेहतरीन फिनिशर बल्लेबाजों में होती है।

वहीं, दूसरी तरफ प्रिया सरोज जौनपुर के वरिष्ठ नेता तूफानी सरोज की बेटी हैं। प्रिया 2024 के लोकसभा चुनाव में मछलीशहर सीट से जीतकर देश की सबसे कम उम्र की सांसदों में शामिल हुई थीं। दोनों की इंस्टाग्राम पर शुरू हुई बातचीत प्यार में बदली और अब दोनों हमेशा के लिए एक-दूसरे के होने जा रहे हैं।

Back to top button