
IPL से हटेगा ये बवाली नियम? BCCI के नए फैसले से मची खलबली
IPL Impact Player Rule: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में पिछले कुछ सीजनों से सबसे ज्यादा चर्चा में रहा ‘इम्पैक्ट प्लेयर नियम’ (Impact Player Rule) एक बार फिर समीक्षा के घेरे में है। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने अगले आईपीएल सीजन से पहले इस विवादास्पद नियम पर सभी 10 फ्रेंचाइजियों से औपचारिक प्रतिक्रिया (Feedback) मांगी है।
क्रिकबज की रिपोर्ट के मुताबिक, बीसीसीआई ने सभी टीमों के क्रिकेट ऑपरेशंस विभाग को इस नियम के पक्ष और विपक्ष में अपनी अंतिम राय सौंपने के लिए 31 अगस्त तक का समय दिया है।
सवालों के घेरे में इम्पैक्ट प्लेयर नियम?
वर्ष 2023 में आईपीएल में पेश किए गए इस नियम के तहत टीमों को प्लेइंग-11 के अलावा एक अतिरिक्त सब्स्टीट्यूट खिलाड़ी को मैदान पर उतारने की छूट मिलती है। हालांकि, इस नियम की वजह से टी20 क्रिकेट में बड़े पैमाने पर बदलाव देखा गया है:
अतिरिक्त बल्लेबाज के आने से टीमें बिना किसी डर के आक्रामक बल्लेबाजी करती हैं, जिससे 200 और 250+ रनों के स्कोर आम हो चुके हैं। 12वें खिलाड़ी के जुड़ने से टीमों को पार्ट-टाइम ऑलराउंडरों से गेंदबाजी कराने की जरूरत नहीं पड़ती, जिससे भारतीय ऑलराउंडरों का विकास प्रभावित हो रहा है।
रोहित और विराट भी कर चुके हैं विरोध
भारतीय क्रिकेट के दो सबसे बड़े सितारे रोहित शर्मा और विराट कोहली इस नियम के आलोचकों में प्रमुख रहे हैं। रोहित शर्मा ने स्पष्ट तौर पर कहा था कि वह इस नियम के ज्यादा बड़े फैन नहीं हैं, क्योंकि इससे शिवम दुबे और वाशिंगटन सुंदर जैसे युवा ऑलराउंडरों को गेंदबाजी करने का मौका नहीं मिल पा रहा है।
वहीं, विराट कोहली ने भी गेंदबाजों की मनोदशा पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा था कि यह नियम सिर्फ मनोरंजन के लिए ठीक है, लेकिन खेल के संतुलन और गेंदबाजों के लिहाज से सही नहीं है।
ये भी पढ़े- चक दे गर्ल्स: जर्मनी को 3-1 से हराकर, विश्वकप में मिला पांचवां स्थान
BCCI जल्द ले सकती है फैसला
बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया ने पहले ही स्पष्ट किया था कि आईपीएल 2026 के समापन के बाद बोर्ड इस नियम का व्यापक रिव्यू करेगा। फ्रेंचाइजियों से मिलने वाले फीडबैक, अंपायरिंग और प्लेइंग कंडीशंस की समीक्षा के आधार पर ही यह तय होगा कि आईपीएल में इम्पैक्ट प्लेयर नियम को बनाए रखा जाएगा या इसे पूरी तरह समाप्त कर दिया जाएगा।
ये भी पढ़े- ‘गोल्डन बॉय’ का टूटा सपना! चोट के कारण एशियन गेम्स से बाहर हुए नीरज चोपड़ा





