
FIH Ranking: भारतीय महिला हॉकी टीम ने रचा इतिहास, पहली बार किया ये कारनामा
Indian Women Hockey Team: भारतीय महिला हॉकी टीम ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए मंगलवार, 24 नवंबर 2026 को इतिहास रच दिया और अंतरराष्ट्रीय हॉकी महासंघ (FIH) की विश्व रैंकिंग में पहली बार पांचवां स्थान हासिल किया।
भोपाल के नाथू बरखेड़ा स्थित अंतरराष्ट्रीय खेल परिसर में चल रही मध्य प्रदेश महिला एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी भोपाल 2026 के दौरान मेजबान भारत ने चीन को 6-2 से पराजित किया, जिसके बाद टीम अपने अब तक के सर्वश्रेष्ठ वैश्विक पायदान पर पहुंच गई।
चीन पर 6-2 की दमदार जीत
इस मुकाबले में भारतीय टीम ने शुरुआत से ही आक्रामक खेल दिखाते हुए चीन पर दबाव बनाए रखा। दीपिका ने पहले क्वार्टर में ही शानदार हैट्रिक जमाई, जहां उन्होंने मैच के पहले ही मिनट में रिवर्स-हिट से खाता खोला, छठे मिनट में पेनाल्टी कॉर्नर पर दूसरा गोल किया और 14वें मिनट में हैट्रिक पूरी कर ली। इसके अलावा लालरेमसियामी, नेहा और साक्षी राणा ने भी एक-एक गोल दागकर भारत की इस बड़ी जीत में अहम भूमिका निभाई।
अक्टूबर 2003 में एफआईएच विश्व रैंकिंग की शुरुआत होने के बाद से यह भारतीय महिला टीम की सबसे ऊंची रैंकिंग है। इससे पहले टीम का सर्वश्रेष्ठ स्थान छठा रहा था, जिसे भारत ने मई-जून 2022 में एफआईएच प्रो लीग के अभियान के बाद हासिल किया था और 2023 में भी वह छठे स्थान पर रही थी, जबकि टोक्यो ओलंपिक में चौथे स्थान पर रहने के बाद टीम आठवें पायदान पर पहुंची थी।
ये भी पढ़े-वैभव सूर्यवंशी ने UAE के गेंदबाजों की उड़ाई धज्जियां, 52 गेंदों में ठोका दोहरा शतक
हॉकी इंडिया के अध्यक्ष ने दी बधाई
इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर हॉकी इंडिया के अध्यक्ष डॉ. दिलीप टिर्की ने खिलाड़ियों और सहयोगी स्टाफ को बधाई देते हुए कहा कि विश्व रैंकिंग में पांचवें स्थान पर पहुंचना भारतीय हॉकी के लिए गौरव का क्षण है और यह टीम की निरंतर मेहनत व प्रतिबद्धता का परिणाम है।
वर्ष 2026 में भारतीय महिला हॉकी टीम ने एफआईएच विश्व कप के लिए क्वालीफाई करने और एफआईएच नेशंस कप जीतने के साथ मजबूत शुरुआत की थी। इसके बाद कोच शोर्ड मारिन के मार्गदर्शन में टीम ने महिला हॉकी विश्व कप में पांचवां स्थान हासिल किया, जो 1974 के बाद इस टूर्नामेंट में उसका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन रहा, जबकि एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक जीतकर 44 वर्ष का इंतजार समाप्त करने के साथ लॉस एंजिल्स 2028 ओलंपिक के लिए सीधा स्थान भी पक्का किया।
ये भी पढ़े-ICC ने शुभमन गिल को दिखाया ठेंगा, गेंद पर Saliva के इस्तेमाल पर जारी रहेगा बैन





