‘प्रेमानंद महाराज के आश्रम जा रही हूं’, कहकर घर से निकली महिला हो गई लापता

Mathura News: नोएडा की रहने वाली 35 वर्षीय युवती विभा के 15 अगस्त से संदिग्ध परिस्थितियों में लापता होने के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। युवती के प्रेमानंद महाराज की अनन्य भक्त होने के कारण परिजन उसकी तलाश में वृंदावन स्थित श्री राधा केलिकुंज आश्रम पहुंचे हैं और पुलिस-प्रशासन से बेटी की जल्द तलाश करने की मांग की है।

15 अगस्त से लापता है युवती

लापता युवती विभा के पिता उमेश सिंह अपने परिवार के सदस्यों के साथ वृंदावन पहुंचे। उन्होंने बताया कि विभा 15 अगस्त से घर से गायब है। परिजनों के अनुसार, विभा वृंदावन स्थित संत प्रेमानंद महाराज की बड़ी भक्त है और अक्सर उनके सत्संग व दर्शन के बारे में चर्चा करती थी। इसी के आधार पर परिवार को आशंका है कि वह वृंदावन या आश्रम के आसपास ही कहीं हो सकती है।

फैमिली के मुताबिक, विभा प्रेमानंद जी को बहुत मानती है। वो पहले भी कई बार आश्रम में आ चुकी है, लेकिन हर बार वापस घर आ जाती थी। फैमिली को लगा कि इस बार वो आश्रम में ही रह गई होगी, इसलिए उसको ढूंढते हुए यहां तक आए हैं।

आश्रम के बाहर तलाश में जुटे परिजन

पिता उमेश सिंह ने बताया कि उन्होंने कुंज आश्रम के बाहर जाकर जानकारी जुटाने की काफी कोशिश की। हालांकि, उन्होंने बेटी को आश्रम के अंदर देखने की पुष्टि नहीं की है, लेकिन अनहोनी की आशंका से पूरा परिवार बुरी तरह डरा हुआ है। परिजन अब पुलिस प्रशासन से मदद की गुहार लगा रहे हैं ताकि उनकी बेटी को जल्द से जल्द सुरक्षित खोजा जा सके।

ये भी पढ़े-‘मैंने मां को मार दिया… पुलिस आ जाओ’, लखनऊ में 17 वर्षीय बेटे पर हत्या का आरोप

हालांकि आश्रम वालों ने बताया कि परिजनों की अनुमति के बिना यहां किसी को दीक्षा नहीं दी जाती है। कल भी हाथरस के 18 वर्षीय अनुज चौधरी को ढूंढते हुए उसके परिजन प्रेमानंद जी के आश्रम में आए थे। कैली कुंज आश्रम में बीते दिनों एक शिष्य बिल्डिंग से कूदकर सुसाइड भी कर चुका है।

ये भी पढ़े-UP News: मुसहर महिला को प्रसव से इनकार पर डॉक्टर बर्खास्त, CMS पर भी गाज

Back to top button