
Ram Navami 2026: अयोध्या में उमड़ा भक्तों का सैलाब, चप्पे-चप्पे पर पुलिस की नजर
Ayodhya Ram Navami 2026: रामनगरी अयोध्या राम जन्मोत्सव के अवसर पर भक्तों का सैलाब उमड़ पड़ा है. भारी संख्या में श्रद्धालु दूर दराज इलाकों से पहुँच रहे हैं.
Ayodhya Ram Navami 2026: रामनवमी के अवसर पर अयोध्या में शुक्रवार को श्रद्धा का जनसैलाब उमड़ा. राम मंदिर में भगवान राम को स्नान कराया गया और आकर्षक परिधान धारण कराए गए. इस मौके पर ब्रह्म मुहूर्त से ही लाखों श्रद्धालु सरयू नदी के घाटों पर स्नान के लिए पहुंचे. सरयू स्नान और दान को इस दिन विशेष पुण्यदायी माना जाता है. यही कारण है कि दूर-दराज के इलाकों से श्रद्धालु यहां पर पहुंचे और पूरे उत्साह के साथ धार्मिक अनुष्ठानों में शामिल हुए. स्नान के बाद श्रद्धालु राम मंदिर सहित अयोध्या के प्रमुख मंदिरों में दर्शन के लिए पहुंचे.
‘जय श्रीराम’ के जयघोष से गूंजी अयोध्या
इस दौरान मंदिरों में भव्य सजावट की गई. मंदिरों को फूलों और रोशनी से सजाया गया है. ‘जय श्रीराम’ के जयघोष से पूरी अयोध्या नगरी भक्तिमय माहौल में डूबी गई. इस दौरान महिलाओं ने पारंपरिक सोहर गीत गाए और भजन-कीर्तन का भी आयोजन किया गया. भगवान श्रीराम के जन्मोत्सव को लेकर श्रद्धालुओं में खास उत्साह देखने को मिला. इस दौरान जिला प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं और जगह-जगह पुलिस बल तैनात किया गया है.
12 बजे रामलला का होगा सूर्य तिलक
रामनवमी के अवसर पर आज दोपहर ठीक 12 बजे भगवान रामलला का सूर्य तिलक होगा, जब सूरज देवता स्वयं भगवान रामलला के मस्तक पर किरणों से तिलक करेंगे, इसके लिए ट्रस्ट द्वारा पहले से ही तैयारियां की गई हैं. इस अद्भुत पलों का गवाह बनने के लिए भी भक्त इंतजार कर रहे हैं. ट्रस्ट ने सूर्य तिलक के प्रसारण के लिए जगह-जगह LED लगाए गए हैं जिन पर इन पलों का लाइव प्रसारण किया जाएगा.
ये भी पढ़े- Ravi Kishan: गोरखपुर से कटेगा रवि किशन का पत्ता? CM योगी ने मंच से ऐसा क्या कहा…
सुरक्षा को लेकर प्रशासन ने कसी कमर
पुलिस प्रशासन भी इस आयोजन को लेकर पूरी तरह सतर्क है. बुधवार को एडीजी ज़ोन ने ख़ुद पूरी तैयारियों का जायजा लिया था. रामलला के निकास द्वार पर श्रद्धालुओं के सुविधा के लिए रेड कार्पेट बिछाया गया है. एसपी सुरक्षा बलरामाचारी दुबे ने निर्माणाधीन मार्ग पर श्रद्धालुओं के रेड कार्पेट बिछाया, ताकि नंगे पैर चल रहे भक्तों के पैर कंक्रीट न चुभ सके.
ये भी पढ़े- हाईकोर्ट के निर्देश के बाद UP में बड़ा फैसला, झूठी FIR पर अब दर्ज होगा केस
भक्तों को धूप और गर्मी से भी बचने के उपाय किए गए हैं. उनकी सुविधाओं को देखते हुए पेयजल, छाया और दूसरी मूलभूत सुविधाओं की व्यवस्था भी कई गई है. रामनवमी के अवसर पर अयोध्या आने वाले भक्तों का उत्साह देखते ही बन रहा है. चप्पे पर पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं. सीसीटीवी कैमरों से आसपास के इलाकों की निगरानी की जा रही है





