TRE-4 में बदलाव की मांग पर सड़कों पर उतरे छात्र: CRPF से झड़प, छात्रा बेहोश

Patna Student Protest: TRE-4 में PT-मेन परीक्षा व्यवस्था, नेगेटिव मार्किंग हटाने और 100% डोमिसाइल की मांग को लेकर 18 अगस्त से गर्दनीबाग में धरना; CM हाउस घेराव के दौरान पुलिस से झड़प, वाटर कैनन चलाया गया।

Bihar: पटना में BPSC TRE-4 परीक्षा में बदलाव की मांग को लेकर छात्रों का आंदोलन लगातार जारी है। सोमवार को छात्रों का प्रदर्शन उग्र हो गया। गर्दनीबाग में धरने पर बैठे छात्रों का एक गुट मुख्यमंत्री आवास का घेराव करने के लिए निकला। छात्रों को रोकने के लिए जेपी गोलंबर और डाकबंगला चौराहे पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए CRPF के जवानों को भी मौके पर उतारा गया।

छात्रों ने जेपी गोलंबर पर लगाए गए बैरिकेडिंग को तोड़ दिया और आगे बढ़ते हुए डाकबंगला पहुंच गए। यहां प्रदर्शनकारियों और CRPF जवानों के बीच धक्का-मुक्की हुई। पुलिस ने भीड़ को रोकने के लिए वाटर कैनन का इस्तेमाल किया। पानी की तेज बौछार के बीच कई प्रदर्शनकारी सड़क पर बैठ गए। कुछ छात्र शैंपू लगाकर पानी में नहाते हुए भी नजर आए।

वाटर कैनन के दौरान छात्र घायल
प्रदर्शन के दौरान एक छात्र के सिर में चोट लगने से वह घायल हो गया। वहीं, एक छात्रा के बेहोश होने की भी जानकारी सामने आई। प्रदर्शनकारियों और सुरक्षाबलों के बीच तनाव बढ़ने के बाद इलाके में सुरक्षा और बढ़ा दी गई।

स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने बुलेटप्रूफ बंकर वाहन भी मौके पर बुलाया। इस तरह का वाहन आमतौर पर संवेदनशील और हिंसाग्रस्त इलाकों में सुरक्षा अभियानों के दौरान इस्तेमाल किया जाता है। पटना में छात्रों के प्रदर्शन के बीच बंकर वाहन की तैनाती चर्चा का विषय बनी हुई है।

यह भी पढ़ें…

छात्रों के समर्थन में सड़क पर उतरे तेजस्वी, पुलिस हिरासत के बाद सरकार को दी चेतावनी

TRE-4 में बदलाव की प्रमुख मांगें
प्रदर्शनकारी छात्र BPSC TRE-4 परीक्षा को लेकर कई मांगें कर रहे हैं। इनमें PT और Mains परीक्षा व्यवस्था में बदलाव, नेगेटिव मार्किंग खत्म करने और 100 प्रतिशत डोमिसाइल नीति लागू करने की मांग प्रमुख है।

छात्रों का कहना है कि बिहार के अभ्यर्थियों को भर्ती में अधिक अवसर मिलना चाहिए। इसी मांग को लेकर अभ्यर्थी 18 अगस्त से पटना के गर्दनीबाग में धरना दे रहे हैं। आंदोलनकारी छात्रों का कहना है कि जब तक उनकी मांगों पर ठोस निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।

यह भी पढ़ें…

Bihar में सब्जी में नमक की जगह डाला डिटर्जेंट, स्कूल में मिड डे मील खाकर 34 बच्चे बीमार

विद्यार्थी सहयोग शिविर का CM ने किया जिक्र
इस बीच मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर विद्यार्थी सहयोग शिविर के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की हर आवाज सुनी जाएगी। सरकार की ओर से छात्रों की समस्याओं को सुनने और उनके समाधान के लिए पहल किए जाने की बात कही गई है।


यह मार्च ऑल बिहार स्टूडेंट यूनियन (ABSU) के छात्र नेता अमन गुट की ओर से निकाला गया। छात्रों के मुख्यमंत्री आवास की ओर बढ़ने के बाद प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी। जेपी गोलंबर और डाकबंगला इलाके में पुलिस और CRPF की तैनाती के चलते यातायात भी प्रभावित हुआ।

छात्रों का कहना है कि उनकी मांगें लंबे समय से लंबित हैं और सरकार को TRE-4 की परीक्षा प्रक्रिया में बदलाव को लेकर जल्द स्पष्ट फैसला लेना चाहिए।

यह भी पढ़ें…

प्रदर्शन के बीच BPSC ने जारी किया TRE-4 नोटिफिकेशन, जानें कब से भरेंगे फॉर्म…

Back to top button